AAP- BJP विवाद: 15 करोड़ के ऑफर की होगी जांच, केजरीवाल और संजय सिंह के घर पहुंची ACB टीम

नई दिल्ली, दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा बीजेपी पर लगाए गए 15-15 करोड़ रुपये के ऑफर के आरोपों की जांच अब तेज हो गई है। इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम केजरीवाल और सांसद संजय सिंह के घर पहुंच चुकी है। ACB का कहना है कि उन्हें दिल्ली के उप-राज्यपाल (LG) से जांच के आदेश मिले हैं, और वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इन आरोपों में कितनी सच्चाई है।

सबूतों की तलाश में पहुंची ACB टीम 
ACB अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या वाकई बीजेपी ने AAP उम्मीदवारों को खरीदने की कोशिश की थी या यह सिर्फ एक राजनीतिक बयानबाजी थी। उनका कहना है कि वे शिकायतकर्ताओं से जानकारी लेने के लिए आए हैं और देखना चाहते हैं कि क्या इस आरोप को साबित करने के लिए कोई सबूत मौजूद है।

AAP का दावा – ‘बीजेपी हमेशा से ऐसा करती आई है’
AAP सांसद संदीप पाठक ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह कोई नई बात नहीं है, पूरी दुनिया जानती है कि बीजेपी कैसे काम करती है। हमारे कई उम्मीदवारों को फोन आए हैं, और हमने उन नंबरों का भी खुलासा किया है जिनसे कॉल किए गए थे। यह उनका चुनावी खेल है, जिसमें वे हर बार मतदान के बाद इस तरह की कोशिशें करते हैं।”

केजरीवाल के घर नहीं जा सकी ACB, बाहर करना पड़ा इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, ACB टीम जब केजरीवाल के आवास पहुंची, तो उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान वहां AAP के वकील भी मौजूद थे, जिन्होंने कहा कि ACB टीम के पास कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं हैं। वहीं, ACB अधिकारियों का कहना है कि वे लगातार फोन पर किसी से निर्देश ले रहे हैं और अभी बाहर ही इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली में सियासी घमासान जारी
AAP और BJP के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब ACB की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। क्या ACB को इस मामले में कोई ठोस सबूत मिलेंगे, या फिर यह सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रहेगा? आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ा खुलासा हो सकता है।

Share post:

Popular

More like this
Related