देहरादून, 17 अगस्त 2021

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के करीबी नरेश शर्मा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी को ज्वाइन कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, पिछली विधानसभा चुनाव में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के खिलाफ खड़े हुए गदरपुर से जनरेल सिंह काली भी आप का हाथ थामेंगे। सूत्रों की मानें तो दोनों ही नेताओं ने विधानसभा चुनाव-2022 के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। बता दें कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने देहरादून दौरे के दौरान कर्नल अजय कोठियाल को उत्तराखंड में आप का सीएम चेहरा घोषित किया है।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेश शर्मा ने विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। मंगलवार को देहरादून में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के सामने शर्मा ने आप की सदस्यता ली। सदस्यता लेने के बाद ही शर्मा ने हरिद्वार ग्रामिण सीट से अपनी दावेदारी भी ठोक दी है। सूत्रों की मानें तो नरेश हरिद्वार ग्रामीण में चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वाेटरों के साथ ही जनंसपर्क के साथ-साथ नरेश ने एक टीम भी तैयार की हुई है। आपको बता दें कि नरेश शर्मा एक समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के बेहद करीबियों में से गिने जाते थे।

धीरे धीरे नरेश ने हरिद्वार ग्रामीण को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनानी शुरु की। हालांकि नरेश की सक्रियता हरिद्वार ग्रामीण से भाजपा विधायक कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। अब आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद नरेश राजनीति के नए प्लेटफार्म में भाजपा को ही नुकसान पहुंचाते दिख रहे है। कौशिक के साथ काफी समय बीताने के कारण नरेश राजनीति का खासा अनुभव हासिल कर चुके है।

हरिद्वार ग्रामीण विधान सभा प्रदेश की हॉट सीट में देखी जाती है। बीते विधान सभा चुनाव में भाजपा से स्वामी यतीश्वारनंद ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को इसी सीट से हराया था। अब आप में नरेश की एंट्री होने के बाद हरिद्वार ग्रामीण में भी आप का संगठन तैयार होता दिखेगा। हरिद्वार ग्रामीण में नरेश की सक्रियता आप के काम आयेगी।