9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। भारतीय टीम को फाइनल में मजबूत दावेदार माना जा रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम आईसीसी टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रखती है। 2000 की चैंपियंस ट्रॉफी, 2019 का वनडे विश्व कप और 2021 का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया था। ऐसे में वे एक बार फिर बड़ा उलटफेर करने की कोशिश करेंगे।
न्यूजीलैंड को शोएब अख्तर और शोएब मलिक की सलाह
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर और शोएब मलिक ने फाइनल मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। शोएब अख्तर ने न्यूजीलैंड को आत्मविश्वास के साथ खेलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड को यह नहीं सोचना चाहिए कि वे अंडरडॉग हैं, बल्कि उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलना होगा। उन्हें भारतीय बल्लेबाजी को रोकने के लिए मजबूत रणनीति बनानी होगी, खासकर रोहित शर्मा को, जो शुरुआती 10 ओवरों में आक्रामक खेल सकते हैं।”
शोएब मलिक ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को भारतीय स्पिनरों के खिलाफ धैर्य और समझदारी से खेलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, “भारत के बल्लेबाजों की सबसे बड़ी ताकत उनकी स्ट्राइक रोटेट करने की क्षमता है। न्यूजीलैंड को भी इसी रणनीति के साथ खेलना होगा और अगर कोई बल्लेबाज 20-30 रन बना ले, तो उसे इसे 80-90 या शतक में बदलने की कोशिश करनी चाहिए।”
क्या भारत ट्रॉफी जीतकर रचेगा इतिहास?
भारतीय टीम अब तक अजय रही है और उनकी टीम संतुलित नजर आ रही है, लेकिन न्यूजीलैंड को कम आंकना भी गलती होगी। फाइनल में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम होगी। दोनों टीमें जीत के लिए उतरेंगी। अब देखना होगा कि भारत अपनी जीत की लय बरकरार रखता है या न्यूजीलैंड एक और बड़ा उलटफेर करता है।




