बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। खबरों के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने वाली हैं। उनकी पार्टी आवामी लीग ने भी उनकी वापसी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि इस दिन हाईवे पर जनता का कब्जा होगा।
आवामी लीग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए शेख हसीना को जननेता बताया है और लोगों से 16 दिसंबर को हाईवे पर जुटने की अपील की है। खास बात यह है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था।
बताया जा रहा है कि शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए जरूरी कागजात मांगे हैं। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमान सेवा बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए अपनी वापसी की व्यवस्था करने की मांग भी की है।
हथकड़ी में वापस आएंगी शेख हसीना?

दूसरी तरफ, बांग्लादेश सरकार के तेवर भी काफी सख्त नजर आ रहे हैं। वहां के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि अगर शेख हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें हथकड़ी पहनाकर या कड़ी सुरक्षा के बीच ही वापस लाया जा सकता है।
इससे पहले भी बांग्लादेश के एक मंत्री कह चुके हैं कि वापसी पर शेख हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हालांकि, सरकार की ओर से उन्हें वापस लाने के लिए भारत से किसी आधिकारिक बातचीत की पुष्टि नहीं की गई है।
शेख हसीना को क्यों सुनाई गई मौत की सजा?

दरअसल, साल 2024 में बांग्लादेश में छात्रों का बड़ा आंदोलन हुआ था। यह आंदोलन धीरे-धीरे हिंसक हो गया और संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। हालात बिगड़ने के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था।
इसके बाद बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने नवंबर 2025 में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। उन पर छात्र आंदोलन को दबाने के लिए हिंसक कार्रवाई के आदेश देने का आरोप था। हालांकि, शेख हसीना इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही हैं।
बांग्लादेश में अब भी जारी है हिंसा

इस बीच बांग्लादेश में हिंसा का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि इस हमले में 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
दरअसल, आवामी लीग के कार्यकर्ता शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान उन पर देसी बम फेंके गए। हमले के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इसके अलावा कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की भी खबर है।
ऐसे में शेख हसीना की वापसी की तारीख सामने आने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अब देखना होगा कि 16 दिसंबर को उनकी वापसी होती है या यह ऐलान बांग्लादेश की राजनीति में एक नए टकराव की वजह बनता है।




