बिहार चुनाव 2025: सीएम चेहरे पर सस्पेंस, क्या नीतीश कुमार की अगुवाई में लड़ेगा NDA

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। खासकर मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें लगातार बनी हुई हैं। बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव NDA, नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा, लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला चुनाव परिणाम के बाद संसदीय बोर्ड और विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा।

बीजेपी ने क्या दिया संकेत?
बिहार में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए अंतिम निर्णय बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड द्वारा किया जाएगा। गौरतलब है कि बीजेपी का यह पैटर्न रहा है कि वह बिना किसी सीएम फेस के चुनाव लड़ती है और जीत के बाद संसदीय बोर्ड और विधायक दल की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाता है।

नीतीश कुमार के बेटे निशांत की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी बयान दिया था। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि आगामी चुनाव में एनडीए, नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा। हालांकि, बीजेपी के ताजा बयान के बाद यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा।

बिहार में कब होंगे चुनाव?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 इस साल के अंत में होने की संभावना है। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। सभी दल अपनी रणनीतियों को मजबूत करने में जुट गए हैं। सत्ता पक्ष जहां एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है, वहीं विपक्ष भी अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में किसकी रणनीति सफल होती है और बिहार की कमान किसके हाथों में जाती है।

Share post:

Popular

More like this
Related