नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) महाराष्ट्र के नागपुर पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। महाराष्ट्र में वह 75 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। इसके बाद पीएम गोवा जाएंगे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई है। उन्होंने नागपुर मेट्रो फेज वन का लोकार्पण किया। नरेंद्र मोदी खुद टिकट काउंटर पहुंचे और अपने लिए टिकट खरीदा। इसके बाद वह मेट्रो ट्रेन में सवार हुए। उनके साथ कुछ छात्र भी मेट्रो की सवारी कर रहे हैं। पीएम छात्रों से बात कर रहे हैं। वह फ्रीडम पार्क मेट्रो स्टेशन से खापरी मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो ट्रेन में सवारी करेंगे। पीएम ने नागपुर मेट्रो फेज टू की आधारशिला भी रखी है।

महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग का करेंगे उद्घाटन
सुबह करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री नागपुर और शिरडी को जोड़ने वाले महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 11:15 बजे एम्स नागपुर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 11:30 बजे प्रधानमंत्री 1500 करोड़ से अधिक की लागत वाली रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वन हेल्थ (NIO), नागपुर और नाग नदी प्रदूषण उपशमन परियोजना, नागपुर की आधारशिला भी रखेंगे।
नरेंद्र मोदी गोवा में 3:15 बजे 9वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। वह तीन राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का भी उद्घाटन करेंगे। 5:15 बजे पीएम मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट गोवा का उद्घाटन करेंगे।




