26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब का बॉम्बे हाईकोर्ट में बचाव करने वाले वकील अमीन सोलकर और फरहाना शाह अब तक अपनी फीस का इंतजार कर रहे हैं। दोनों वकीलों की नियुक्ति महाराष्ट्र सरकार ने की थी। उनका आरोप है कि कई बार पत्र लिखने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ।
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को देश के इतिहास की सबसे भयावह आतंकी घटनाओं में गिना जाता है। इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी। हमले के एकमात्र जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को बाद में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान उसके बचाव के लिए जिन वकीलों को जिम्मेदारी दी गई थी, उन्हें अब तक उनकी कानूनी सेवाओं की पूरी फीस नहीं मिली है।
मामला अजमल कसाब के बचाव में बॉम्बे हाईकोर्ट में पैरवी करने वाले वकील अमीन सोलकर और फरहाना शाह से जुड़ा है। दोनों ने साल 2010 में करीब नौ महीने तक हाईकोर्ट में कसाब की ओर से पक्ष रखा था। दिलचस्प बात यह है कि जिस मामले में उन्होंने अदालत में अपनी जिम्मेदारी निभाई, उसकी सुनवाई खत्म हुए 15 साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन भुगतान का मामला अब भी लंबित है।
2010 में महाराष्ट्र सरकार ने दी थी जिम्मेदारी

अमीन सोलकर और फरहाना शाह को बॉम्बे हाईकोर्ट ने कसाब के बचाव के लिए नामित किया था। इसके बाद महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (MSLSA) ने 8 जून 2010 को अधिसूचना जारी कर दोनों वकीलों की नियुक्ति की थी।
नियुक्ति के दौरान दोनों की फीस अलग-अलग पदों के आधार पर निर्धारित की गई थी। अमीन सोलकर को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के बराबर फीस देने का प्रावधान था, जबकि फरहाना शाह को मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामलों में नियुक्त अतिरिक्त पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के बराबर भुगतान किया जाना था।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उस समय निर्धारित फीस करीब 1,500 से 2,000 रुपये प्रतिदिन के बीच थी।
कई बार पत्र लिखा, फिर भी नहीं हुआ भुगतान

अमीन सोलकर का कहना है कि उन्होंने अपनी बकाया फीस के भुगतान के लिए महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी को कई बार पत्र लिखे, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
दोनों वकीलों के मुताबिक, जब भी उन्होंने भुगतान का मुद्दा उठाया, उनसे अदालत में पेश होने की तारीखों, काम के घंटों और अन्य गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा मांगा गया। अथॉरिटी उनसे हर सुनवाई के दिन अदालत में बिताए गए समय का हिसाब और संबंधित दस्तावेज जमा करने को कह रही है।
वकीलों का कहना है कि एक दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बाद हर तारीख और अदालत में बिताए गए घंटों का इतना विस्तृत रिकॉर्ड दोबारा जुटाना बेहद मुश्किल है। उनका मानना है कि जब सरकार ने खुद उन्हें नियुक्त किया था और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई थी, तो भुगतान के लिए इतने वर्षों बाद इस तरह की शर्तें लगाना उचित नहीं है।
26/11 हमले में 166 लोगों की हुई थी मौत

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से आए 10 हथियारबंद आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर हमला किया था। इनमें ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस जैसे स्थान शामिल थे। आतंकियों ने करीब 60 घंटे तक मुंबई को दहशत में रखा था।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में नौ आतंकी मारे गए, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। मुकदमे के बाद कसाब को दोषी ठहराया गया और उसकी मौत की सजा बरकरार रखी गई। 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा सेंट्रल जेल में उसे फांसी दे दी गई।
16 साल बाद भी कायम है फीस का सवाल
अजमल कसाब को फांसी दिए जाने और पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया खत्म हुए लंबा समय बीत चुका है। इसके बावजूद उसके बचाव में अदालत में पेश हुए दोनों वकीलों की फीस का मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है।
यह मामला सिर्फ दो वकीलों के भुगतान तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी स्तर पर नियुक्त किए जाने वाले वकीलों की फीस और उनके भुगतान की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी इस पुराने मामले में कब तक फैसला लेती है और दोनों वकीलों को उनकी बकाया फीस कब मिलती है।




