श्रीनगर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू और कश्मीर दौरे से ऐन पहले रविवार (24 अप्रैल, 2022) सुबह जम्मू के एक गांव में धमाका हो गया। ललियान गांव में इस संदिग्ध विस्फोट के चलते घटनास्थल पर करीब डेढ़ फुट गहरा गड्ढा हो गया। हालांकि, इस दौरान फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है, मगर खुले खेत में इस तरह के ब्लास्ट ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को और चौकन्ना कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होना है, धमाका उस जगह से लगभग सात-आठ किलोमीटर की दूरी पर हुआ। पुलिस की ओर से पत्रकारों को बताया गया कि जम्मू के बिसनाह स्थित ललियान गांव में खुले खेत में ग्रामीणों को धमाके की आवाज आई थी। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
अनुछेद 370 हटने के बाद पहला दौरा: जम्मू कश्मीर से अनुछेद 370 हटने, राज्य का विभाजन और केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला दौरा हैं। इस मौके पर पीएम राज्य में करीब 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे जबकि करीब 38 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।




