
देहरादून, 7 सितम्बर, 2021
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मंगलवार सुबह देहरादून नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक निगम पहुंचने से विभाग में हड़कंप मच गया। इस अवसर पर उन्होंने अनेक कक्षों का निरीक्षण किया। साथ ही अपने कार्यों के लिए आए लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का हल निकालने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम में अपने विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। सभी काउंटर पर कार्य की टाइमिंग को जानकारी चस्पा की जाय। आगंतुकों को बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा की लगातार विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। कार्यों के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर नगर आयुक्त अभिषेक रोहिला एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सीएम ने इस दौरान नगर निगम में अपने कार्यों के लिए आए लोगों से बातचीत कर जानकारी ली, साथ ही उनकी परेशानी के बारे में भी पूछा। इसके साथ ही सीएम ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र विंग का निरीक्षण किया। और अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि सीएम लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं। ताकि राज्य में भली प्रकार कार्य हो सके। लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।







