होली को लेकर योगी सरकार सख्त… सोशल मीडिया की निगरानी, धार्मिक नेताओं के साथ की बैठक

होली को लेकर योगी सरकार सख्त… सोशल मीडिया की निगरानी, धार्मिक नेताओं के साथ की बैठक

उत्तर प्रदेश सरकार ने होली और जुमे की नमाज के मद्देनजर कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी प्रशांत कुमार के निर्देशानुसार, संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनाती बढ़ाई जाएगी, सोशल मीडिया की 24X7 निगरानी होगी और धार्मिक नेताओं के साथ शांति बैठकें आयोजित की जाएंगी।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी
होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। पुलिस अधिकारियों को स्वयं क्षेत्रों का भ्रमण करने और होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी।

सोशल मीडिया पर 24X7 कड़ी नजर
सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सरकार सख्त नजर रखेगी। डीजीपी ने निर्देश दिया कि किसी भी अफवाह या गलत सूचना पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए पोस्टर पार्टी और मॉर्निंग चेकिंग टीम का गठन किया जाएगा।

धार्मिक नेताओं और शांति समितियों से बैठकें
सभी धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की बैठकें होंगी। इन बैठकों का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।

14 मार्च को होली और जुमे की नमाज को लेकर सतर्कता
इस वर्ष 14 मार्च को होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली साल में एक बार आती है, जबकि जुमे की नमाज हर हफ्ते होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, उसके बाद जुमे की नमाज अदा की जाए।

पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त बल तैनात किया जाए और दंगा नियंत्रण योजना का पूर्वाभ्यास किया जाए। बीडीएस टीम और स्निफर डॉग्स की मदद से प्रमुख प्रतिष्ठानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की जांच की जाएगी।

सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्ती बरती जाए और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।

Share post:

Popular

More like this
Related