“अभी विराट कोहली के अंदर कई और शतक लगाने की क्षमता है”, निशाने पर 7 बड़े रिकॉर्ड, 300वें वनडे में रच सकते हैं इतिहास

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपने करियर के 300वें वनडे में उतरने के लिए तैयार हैं। रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला उनके लिए बेहद खास रहेगा, क्योंकि इस मैच में उनके पास कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने का सुनहरा मौका होगा।

धवन और क्रिस गेल को पीछे छोड़ने का मौका
कोहली के निशाने पर पहला रिकॉर्ड शिखर धवन का होगा, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा 701 रन बनाए हैं। कोहली अब तक 15 मैचों में 651 रन बना चुके हैं और 51 रन बनाते ही वे इस मामले में धवन को पीछे छोड़ देंगे। वहीं, टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल (791 रन) के नाम है, जिसे तोड़ने के लिए कोहली को 141 रन बनाने होंगे।

सचिन और सहवाग के रिकॉर्ड पर भी नजर
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर (1750 रन) के नाम है। कोहली 31 मैचों में 1645 रन बना चुके हैं और अगर वे 106 रन बना लेते हैं, तो सचिन को पीछे छोड़ देंगे। इसके अलावा सहवाग के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 6 शतक लगाने का रिकॉर्ड है, जिसे कोहली एक और शतक लगाकर तोड़ सकते हैं।

गांगुली-द्रविड़ को पछाड़ सकते हैं कोहली
कोहली के पास चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका होगा। अभी तक सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और शिखर धवन ने 6-6 बार 50+ स्कोर किया है। कोहली भी इस रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके हैं और एक और अर्धशतक लगाते ही वह इस सूची में टॉप पर पहुंच जाएंगे।

संगकारा और पोंटिंग को पछाड़ने का मौका
वनडे क्रिकेट में कोहली अब तक 14085 रन बना चुके हैं। अगर वे इस मैच में 150 रन बना लेते हैं, तो श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा (14234 रन) को पीछे छोड़कर वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।

इसके अलावा कोहली के पास फील्डिंग में भी एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का अवसर है। अब तक उन्होंने वनडे में 158 कैच लपके हैं। अगर वे इस मैच में 3 और कैच पकड़ते हैं, तो वे रिकी पोंटिंग (160 कैच) को पछाड़कर वनडे में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।

विराट कोहली के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक मील का पत्थर नहीं, बल्कि इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस रिकॉर्ड ब्रेकर खिलाड़ी पर टिकी रहेंगी।

Share post:

Popular

More like this
Related