मंगलवार एक ऐसी खबर आई, जिसने न केवल इंडस्ट्री के लोगों की आंखे नम कर दीं, बल्कि पूरे देश के लोगों काे स्तब्ध कर दिया। गायक केके नहीं रहे। इन शब्दों ने आज न जाने कितने लोगों के दिल तोड़ दिए। किसी ने नहीं सोचा था कि लाइव कॉन्सर्ट में ‘हम रहें या न रहें कल’ गाना गाते-गाते यह गायक सच में इस दुनिया को अलविदा कहकर चला जाएगा।
इस खबर को पढ़ रहा हर शख्स यही सोच रहा होगा कि लाइव कॉन्सर्ट में ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से उनका पसंदीदा गायक चला गया। आखिर कैसे रहे होंगे वो आखिरी पल, जब गायक इस दुनिया को अलविदा कह रहा था। आइए जानते हैं…
कोलकाता के गुरुदास कॉलेज के फेस्ट में परफॉर्म करते वक्त गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ उर्फ केके की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। गायक दर्शकों का मनोरंजन करते वक्त बार-बार अपने साथियों से तबीयत बिगड़ने की बात कह रहे थे। जब ज्यादा परेशानी होने लगी तब उन्होंने मेकर्स से स्पॉटलाइट बंद करने को कहा। तकरीबन रात 8:30 बजे केके लाइव कॉन्सर्ट खत्म कर होटल लौट गए। हालांकि यहां भी उन्हें आराम नहीं मिला और वह अचानक गिर गए। जिसके बाद लगभग 10:30 उन्हें कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। इस दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।