शर्मनाक बयान! कांग्रेस प्रवक्ता के रोहित शर्मा पर शब्दों से मचा बवाल, बढ़ते विवाद के बाद हटाया पोस्ट

नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद की विवादास्पद टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया है। उनकी टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और क्रिकेट प्रेमियों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने अपना पोस्ट हटा लिया। हालांकि, इस विवाद ने राजनीतिक गलियारों में गर्मा-गर्म बहस को जन्म दे दिया है।

फिटनेस पर सवाल उठाकर बढ़ाया विवाद
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मैच के दौरान एक्स (Twitter) पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवाल उठाते हुए उन्हें “मोटा खिलाड़ी” कहा और दावा किया कि उन्हें वजन कम करने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा को एक “बेअसर कप्तान” भी करार दिया।

इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। खासकर, पाकिस्तान के एक खेल पत्रकार ने भी उनकी टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि रोहित शर्मा एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। इसके जवाब में शमा मोहम्मद ने एक और विवादास्पद बयान दिया, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा की तुलना सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एम. एस. धोनी, विराट कोहली, कपिल देव और रवि शास्त्री से की और उन्हें एक “साधारण खिलाड़ी और साधारण कप्तान” बताया।

बढ़ते विरोध के बाद पोस्ट हटाया
सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ता देख शमा मोहम्मद ने अपना पोस्ट हटा लिया। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी का अपमान करने का नहीं था, बल्कि सिर्फ फिटनेस को लेकर एक सामान्य टिप्पणी थी। उन्होंने कहा, “मैंने सिर्फ यह कहा था कि एक खिलाड़ी के तौर पर रोहित शर्मा का वजन अधिक है, जो बॉडी शेमिंग नहीं है। मैंने उनकी तुलना पहले के कप्तानों से की, इसलिए उन्हें अप्रभावी कप्तान कहा।”

उन्होंने यह भी तर्क दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाते हैं, ऐसे में खिलाड़ियों को भी फिट रहना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने विराट कोहली की कप्तानी को बेहतर बताते हुए कहा कि वे टीम का हौसला बढ़ाते हैं और रन भी बनाते हैं।

कांग्रेस का बयान – यह पार्टी का आधिकारिक दृष्टिकोण नहीं
मामला बढ़ता देख कांग्रेस ने इस बयान से दूरी बना ली। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि यह पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है। उन्होंने कहा, “शमा मोहम्मद के बयान पार्टी की राय का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उन्हें अपना पोस्ट हटाने के लिए कहा गया है और आगे से अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कांग्रेस हमेशा खेल जगत के दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान करती है और उनकी विरासत को कम आंकने वाले किसी भी बयान का समर्थन नहीं करती।”

बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार
बीजेपी ने कांग्रेस प्रवक्ता की इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए! अब वे भारतीय क्रिकेट कप्तान के पीछे पड़ गए हैं! क्या वे चाहते हैं कि राहुल गांधी अब क्रिकेट खेलें? कांग्रेस की मानसिकता आपातकाल जैसी है, और यह हर देशभक्त भारतीय क्रिकेट फैन का अपमान है।”

सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने इस बयान की निंदा की। कई लोगों ने इसे अनावश्यक और अपमानजनक बताया, जबकि कुछ ने इसे बॉडी शेमिंग करार दिया। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने पोस्ट हटवा दी, लेकिन यह मामला अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share post:

Popular

More like this
Related