धर्मसंसद में होगा सनातन बोर्ड का ऐलान, नागा फोर्स पर भी होगा बड़ा फैसला

प्रयागराज, महाकुंभ के मेला क्षेत्र के सेक्टर 17 में 27 जनवरी से आरंभ हो रही धर्मसंसद में सनातन बोर्ड के गठन का मुद्दा मुख्य आकर्षण होगा। वक्फ बोर्ड की तर्ज पर सनातन बोर्ड की मांग कल्पवासियों और धर्माचार्यों के बीच जोर पकड़ रही है। श्रद्धालुओं ने साफ ऐलान कर दिया है कि जब तक सनातन बोर्ड का गठन नहीं होता, वे अपना कल्पवास समाप्त नहीं करेंगे।

सनातन बोर्ड की मांग ने पकड़ी तेजी
कल्पवासी इस बार वक्फ बोर्ड के खिलाफ हुंकार भरते हुए सनातन बोर्ड के गठन की मांग पर अडिग हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि सनातन बोर्ड का गठन उनकी प्राथमिकता है और इसके बिना वे पीछे नहीं हटेंगे। इस कड़े रुख ने धर्मसंसद को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

मौलाना के बयान पर संतों की कड़ी प्रतिक्रिया
सनातन बोर्ड के गठन को लेकर दिए गए मौलाना के बयान पर कल्पवासियों और संतों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे हिमालय से गंगा निकली है, वैसे ही सनातन बोर्ड भी बनेगा।

चारों पीठों के शंकराचार्य और 13 अखाड़ों के प्रमुख करेंगे चर्चा
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और प्रसिद्ध कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर के नेतृत्व में हो रही इस धर्मसंसद में चारों पीठों के शंकराचार्य, 13 अखाड़ों के प्रमुख, साधु-संत, महामंडलेश्वर और मठ-मंदिरों के प्रमुख सनातन बोर्ड के प्रारूप पर चर्चा करेंगे। सभी की सहमति से प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा। संतों की मांग है कि मंदिरों पर न तो सरकार का और न ही किसी अन्य का कब्जा हो।

पीओके की मुक्ति के लिए तुलसी पीठाधीश्वर शिविर में होगा यज्ञ
तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के शिविर में पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) की मुक्ति के लिए विशेष यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 250 हवनकुंड बनाए गए हैं, जहां 1008 बार यज्ञ होगा। इस यज्ञ में पीओके की मुक्ति के लिए आहुतियां दी जाएंगी। शिविर का भव्य निर्माण कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जा रहा है, धर्मसंसद में होने वाले ये निर्णय आने वाले समय में सनातन धर्म और समाज के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

Share post:

Popular

More like this
Related