Russia-Ukraine War: यूक्रेन के 4 क्षेत्रों को रूस में शामिल करने के बाद पुतिन ने 3 बार लगाया रशिया, रशिया…रशिया का नारा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन के चार क्षेत्रों का विलय अपने देश में करने का एलान किया है. विलय समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद पुतिन और अन्य अधिकारियों ने ‘रशिया, रशिया…रशिया’ का नारा लगाया.  इन चार क्षेत्रों में पांच दिवसीय जनमत संग्रह कराया गया था. पुतिन ने यूक्रेन के लुहांस्क, डोनेट्क्स, जैपोरिजिया और खेरसॉन को रूस में मिलाने का एलान किया है. इन क्षेत्रों के अलगाववादी नेता और अधिकारी लंबे समय से जनमत संग्रह कराने की मांग कर रहे थे. 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रेमलिन में आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस सोवियत संघ वापस बनाने नहीं जा रहा है. उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन से बातचीत करने के लिए तैयार है लेकिन विलय किए गए नए हिस्से उसे वापस नहीं देगा. पुतिन ने कहा कि अब देश में चार नए क्षेत्र शामिल हो गए हैं. इसी के साथ पुतिन ने कहा, ”हम कीव से सैन्य कार्रवाई रोकने और बातचीत की मेज पर लौटने का आह्वान करते हैं. हम बातचीत के लिए तैयार हैं.”

सैन्य अभियान में मारे गए लोगों को बताया हीरो

पुतिन ने कहा कि रूस में शामिल होने की लोगों की पसंद इतिहास पर आधारित है. जिन लोगों ने विशेष सैन्य अभियान में जान गंवाई है वे महान रूस के हीरो हैं. पुतिन ने कहा, ”यूक्रेन में हमारे भाई-बहन एक ही लोग हैं.”

पश्चिमी देशों पर यूं भड़के पुतिन

व्लादिमिर पुतिन ने कहा, ”पश्चिम रूस के खिलाफ हाइब्रिड युद्ध का नेतृत्व कर रहा है. वह रूस को एक कॉलोनी बनाना चाहता है. पश्चिम रूस को छोटे-छोटे राज्यों में तोड़ने की कोशिश कर रहा है. परमाणु हथियारों की नजीर अमेरिका ने दी.”

Share post:

Popular

More like this
Related