लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक इंटरव्यू में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की मौजूदगी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए जरूरी है, क्योंकि वे अनजाने में ही पार्टी का रास्ता साफ कर देते हैं।
सीएम योगी ने कहा, “राहुल गांधी जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस की स्थिति और कमजोर हो जाती है। भारत की राजनीति में ऐसे कुछ ‘नमूने’ बने रहने चाहिए, ताकि बीजेपी के लिए रास्ता हमेशा साफ बना रहे।” उन्होंने राहुल गांधी के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अभियान पर निशाना साधते हुए इसे ‘भारत तोड़ो’ यात्रा करार दिया।
कांग्रेस पर सीधा हमला
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर छह दशक के शासनकाल में कुछ भी न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या, काशी और तीन तलाक जैसे ऐतिहासिक मुद्दों को हल कर दिखाया, जबकि कांग्रेस सरकारें केवल वोट बैंक की राजनीति में उलझी रहीं।
सीएम योगी ने कहा, “अयोध्या विवाद को कांग्रेस हमेशा विवादित बनाए रखना चाहती थी। पीएम मोदी ने इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला और आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। इसी तरह, काशी की संकरी गलियों को लेकर 1916 में महात्मा गांधी ने कड़ी टिप्पणी की थी, लेकिन कांग्रेस ने कभी इन पर ध्यान नहीं दिया। पीएम मोदी ने वहां विकास के काम करके दिखाया।”
यूपी को ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की योजना
इंटरव्यू के दौरान सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को 2029 तक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य पर भी बात की। उन्होंने बताया कि 2017 में यूपी की अर्थव्यवस्था 12.75 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 27.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “70 सालों में यूपी की अर्थव्यवस्था जहां पहुंची थी, हम मात्र 8 सालों में उससे दोगुना से ज्यादा आगे निकल चुके हैं। 2017 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय 46,000 रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.10 लाख रुपये हो गई है।”
राहुल गांधी पर तीखा हमला
जब योगी से राहुल गांधी के बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने आरएसएस पर देश में ‘एक रंग, एक विचार, एक कानून’ थोपने का आरोप लगाया था, तो योगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को पहले अपने नाना, दादी और पिता से पूछना चाहिए कि उन्होंने छह दशकों में क्या किया? जो काम मोदी सरकार ने 10 साल में कर दिखाया, कांग्रेस उसे दशकों तक लटकाए रखी।”
सीएम योगी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को यह स्वीकार करना चाहिए कि उसने तीन तलाक जैसी कुप्रथाओं को खत्म करने के लिए कुछ नहीं किया, जबकि बीजेपी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाया।
राहुल गांधी की राजनीति पर योगी की दो टूक
राहुल गांधी के राजनीतिक दृष्टिकोण पर टिप्पणी करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राहुल गांधी जब दक्षिण भारत जाते हैं तो उत्तर भारत की निंदा करते हैं। जब उत्तर भारत में होते हैं, तो दक्षिण भारत की आलोचना करते हैं। विदेशों में जाकर वे भारत की बुराई करने से भी नहीं चूकते।”
सीएम योगी ने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी को राहुल गांधी जैसे नेताओं की जरूरत है, क्योंकि वे कांग्रेस की कमजोरी बन चुके हैं। उन्होंने कहा, “जब तक राहुल गांधी राजनीति में रहेंगे, बीजेपी को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।”
योगी आदित्यनाथ का यह इंटरव्यू बीजेपी की चुनावी रणनीति का संकेत देता है, जिसमें कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया गया है। उन्होंने न सिर्फ कांग्रेस के विफल शासन पर सवाल उठाए, बल्कि यूपी की विकास यात्रा और 2029 तक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का रोडमैप भी पेश किया।




