मुंबई: “इंडियाज गॉट लैटेंट” विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने अब सिद्धांत चतुर्वेदी, उर्फी जावेद, राखी सावंत, दीपक कलाल, रफ्तार और तन्मय भट्ट को समन जारी किया है। इन सभी को पूछताछ के लिए बुधवार को बुलाया गया है।
इससे पहले समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा, जसप्रीत सिंह और आशीष चंचलानी जैसे कंटेंट क्रिएटर्स पर भी कार्रवाई की मांग उठी थी। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रणवीर इलाहाबादिया और अन्य को 17 फरवरी को पेश होने का आदेश दिया है।
FIR दर्ज, 30 लोगों पर शिकंजा
सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने समय रैना, बलराज घई और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह FIR IT एक्ट की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज हुई है। कुल 30 लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।
विदेश में हैं समय रैना, मांगा समय
समय रैना के वकील गुंजन मंगला ने साइबर सेल को बताया कि रैना फिलहाल विदेश में हैं और 17 मार्च को लौटेंगे। उन्होंने जांच में शामिल होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है और ट्रैवल टिकट के साथ शेड्यूल भी पुलिस को सौंपा है।
क्या है पूरा विवाद?
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब “इंडियाज गॉट लैटेंट” के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया ने आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखी गई। लोगों की शिकायतों के बाद यूट्यूब ने वीडियो को हटा दिया और अब मामले की जांच तेजी से हो रही है।
मामले में आगे क्या होगा, यह पूछताछ और जांच के बाद ही साफ होगा।




