मुस्लिम समाज के खिलाफ नफरत फैला रही बीजेपी, तीसमार खां हैं हमारे सीएम, बीजेपी से बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री “तीसमार खां” हैं, जिन्हें 30 से खासा प्रेम है। “मरे कितने? 30, कारोबार कितने हुए? 30… यह 30 का आंकड़ा सिर्फ हमारे मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं।”

बीजेपी की USP है झूठ का प्रचार
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी से बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता और झूठ पर टिके रहना उनकी खासियत है। उन्होंने कहा, “बीजेपी की यही USP (यूनिक सेलिंग प्रोपर्टी) है कि वह किस तरह झूठा प्रचार करती है और फिर उसी पर बनी रहती है।” उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि उर्दू का विरोध करने वाले भी उर्दू में ही बयान दे रहे थे, जबकि उर्दू भारतीय भाषा है। समाजवादी पार्टी सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करती है।

जनता इस बार बीजेपी को हटाएगी
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में इलाज नहीं हो रहा, स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। अखिलेश ने कहा, “बीजेपी जैसा करप्शन कोई नहीं कर सकता। इस सरकार में किसी की भी जान जा सकती है। महाकुंभ में जो लोग खो गए थे, उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।” उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता बीजेपी को सत्ता से हटा देगी।

होली सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं
अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गंगा-जमुनी तहजीब का त्योहार है। उन्होंने कहा, “हम मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को रंग लगाकर इस पर्व को मनाते हैं। होली भाईचारे का त्योहार है और इसे सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाना चाहिए।”

PDA के खिलाफ नफरत फैला रही है बीजेपी
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बीजेपी अभी मुस्लिम समाज के खिलाफ नफरत फैला रही है, लेकिन आने वाले समय में यह पिछड़ा, दलित, आदिवासी (PDA) समाज के खिलाफ भी नफरत फैलाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नई रणनीति अपना रही है, जिससे कई लोगों को वोट डालने से रोका जा सके। अखिलेश ने कहा कि इस बार अल्पसंख्यक, पिछड़ा, दलित, आदिवासी और आधी आबादी मिलकर बीजेपी को सत्ता से बाहर करेंगे।

Share post:

Popular

More like this
Related