बिहार बचाओ मार्च : नीतीश सरकार को घेरने निकले चिराग पासवान अरेस्ट, समर्थकों पर पुलिस ने भांजी लाठियां

पटना: बिहार (Bihar) में बढ़ते अपराध को लेकर सियासी संग्राम छिड़ गया है। मंगलवार को नीतीश सरकार के खिलाफ चिराग पासवान (Chirag Paswan) और उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी ने बिहार बचाओ मार्च निकाला। पटना के गांधी मैदान स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा स्थल से राजभवन तक के लिए निकले पार्टी कार्यकर्ताओं को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वे पुलिस से ही भिड़ गए। जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं में जमकर हाथापाई हो गई। पुलिस ने चिराग पासवान को अरेस्ट कर लिया और उनके समर्थकों पर जमकर लाठियां भांजी। इस दौरान भीड़ को काबू करने पुलिस ने वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। देखिए मार्च के दौरान बवाल की तस्वीरें…

गांधी मैदान से चलकर चिराग पासवान अपने समर्थकों के साथ राजभवन की ओर निकले। डाकबंगला चौराहा और इनकम टैक्‍स चौराहे के पास पुलिस ने उन्‍हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे और उनके कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद हड़ताली मोड़ के पास पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और चिराग को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद चिराग को पटना के सचिवालय थाना में रखा गया है। वहां उनसे मिलने के लिए मां रीना पासवान भी पहुंची. राजभवन मार्च के लिए निकले थे चिराग पासवान को गिरफ्तार करने का उन्होंने विरोध किया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। रीना पासवान ने कहा कि सरकार विरोधियों की आवाज को दबाने का काम कर रही है।

बिहार बचाओ मार्च के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि यह मेरे लिए जनता का प्यार है। आज यहां मौजूद सभी लोगों का शुक्रगुजार हूं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस लाठी बरसाती है तो सबसे पहले लाठी में खाऊंगा, जेल भी जाऊंगा।

बता दें कि चिराग ने पहले ही अपनी इस यात्रा को लेकर ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि बिहार बचाओ मार्च के तहत हम राज्यपाल फागू चौहान को पार्टी की ओर से ज्ञापन सौंपेंगे। राज्य में उत्पन्न स्थिति की विस्तृत जानकारी देते हुए उनसे अनुरोध किया जाएगा कि वे इस सरकार को बर्खास्त करने के लिए केंद्र सरकार के पास सिफारिश भेजें। राज्य में अपराध की स्थिति चरम पर है। हत्या, लूट, दुष्कर्म और चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related