द फ्रंट डेस्क, टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह ने सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ के फिनाले में अपनी जगह बना ली है। अपने दमदार व्यक्तित्व और खेल के प्रति गंभीरता के चलते ईशा ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। शो की शुरुआत 6 अक्टूबर 2024 को हुई थी, और 19 जनवरी को इसके ग्रैंड फिनाले में विजेता का नाम घोषित किया जाएगा। ईशा सिंह समेत छह फाइनलिस्ट इस खिताब के लिए मुकाबला कर रहे हैं।
ईशा सिंह का करियर
ईशा सिंह का जन्म 24 दिसंबर 1998 को मध्य प्रदेश के भोपाल में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी भोपाल में ही पूरी की और कॉमर्स में बैचलर डिग्री हासिल की। 15 साल की उम्र में उन्होंने मिस टीन मध्य प्रदेश का खिताब जीता। ईशा ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और साल 2015 में टीवी शो ‘इश्क का रंग सफेद’ से छोटे पर्दे पर कदम रखा। इस शो में उन्होंने धानी का किरदार निभाया था, जिसने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।
इसके बाद ईशा ने ‘एक था राजा एक थी रानी’, ‘इश्क सुभान अल्लाह’, ‘प्यार तुने क्या किया’ और ‘बेकाबू’ जैसे शो में काम किया। साल 2021 में उन्होंने विवियन डीसेना के साथ टीवी शो ‘सिर्फ तुम’ में काम किया। उनकी और विवियन की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई थी।
म्यूजिक वीडियो में ईशा का जलवा
ईशा सिंह ने टीवी शोज के अलावा म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया है। साल 2022 में उनका म्यूजिक वीडियो ‘काले काले चश्मे’ रिलीज हुआ, जिसमें वे अपारशक्ति खुराना के साथ नजर आईं। इसके अलावा उन्होंने ‘मैं तेरा हो गया’ और ‘तू मुझसे जुदा’ जैसे म्यूजिक वीडियोज में भी अपने अभिनय का जलवा दिखाया।
बिग बॉस 18 का मुकाबला
‘बिग बॉस 18’ के फिनाले में ईशा सिंह का मुकाबला विवियन डीसेना, करणवीर मेहरा, रजत दलाल, अविनाश मिश्रा, और चुम दरांग से है। अब देखना होगा कि इन छह फाइनलिस्ट में से कौन इस शो का खिताब जीतता है। ईशा सिंह के फैंस को उम्मीद है कि वे अपनी शानदार खेल रणनीति से ‘बिग बॉस 18’ की ट्रॉफी अपने नाम करेंगी।




