देहरादून, 31 अगस्त 2021

उत्तराखंड में योग और प्राकृतिक चिकित्सा के विकास को लेकर आईएनओ का एक प्रतिनिधि मंडल सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने योग और प्राकृतिक चिकित्सा को उत्तराखंड में अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने की मांग की है।

प्रतिनिधि मंडल में आईएनओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत बिरादर ने देश के अन्य राज्यों में जिस पैटर्न पर योग और प्राकृतिक चिकित्सा का विकास किया जा रहा है, उसका ब्यौरा सीएम और आयुष सचिव के सम्मुख रखा और उससे संबंधित दस्तावेज भी उन्हें सौंपे। साथ ही एक एडवाइजरी बोर्ड के गठन का भी सुझाव दिया। आचार्य विपिन जोशी ने संस्कार परिवार देहरादून की ओर से योग और आयुर्वेद ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने बताया उत्तराखंड के गांवों को योग और आयुर्वेद ग्राम के रूप में विकसित करके हम उत्तराखंड को वैलनेस का एक बहुत बड़ा हब बना सकते हैं, जिससे पलायन रोकने के साथ ही रिवर्स पलायन होगा। इस मौके पर आईएनओ उत्तराखंड की अध्यक्ष डा. सरस्वती काला, उत्तरांचल आयुर्वेदिक कॉलेज के चेयरमैन डा. अश्विनी कंबोज, आईएनओके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डीएन शर्मा, आरसी गुप्ता मौजूद रहे।