
हरिद्वार, 14 अगस्त 2021
ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को सम्मान देने के लिए ग्राम्य विकास एवं गन्ना विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने सीएम पुष्कर धामी को नया सुझाव दिया है। उन्होंने हरिद्वार में रोशनाबाद स्थित हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम रखने की पैरवी की है। इस बाबत सीएम को पत्र भेजते हुए उन्होंने इसे अपनी घोषणा में शामिल करने का सुझाव भी भी दिया है।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक यतीश्वरानंद ने कहा कि वंदना ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। ओलंपिक में हॉकी टीम में बेहतरीन प्रदर्शन कर वंदना ने राज्य के युवाओं के लिए भी एक आदर्श स्थापित किया है। रोशनाबाद हाकी स्टेडियम का नाम वंदना के नाम पर करना एक खिलाड़ी का सम्मान होगा।







