लखनऊ, 13 अगस्त 2021

यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को बताया कि आने स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘भारत का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जायेगा। मंत्री ने बताया कि विभिन्न फसलों में उच्च स्तरीय उपलब्धता प्राप्त करने वाले, नवीन तकनीक विकसित कर पैदावार में बढ़ोतरी करने वाले, नये-नये प्रयोग कर कृषि को नयी दिशा देने वाले किसानों को इस अवसर पर सम्मानित किया जायेगा।

शाही ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत ऐसे किसानों को सम्मानित किया जायेगा, जिन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों को बढ़ावा दिए जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। इसके अतिरिक्त सरकार की किसानोन्मुखी योजनाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को भी सम्मान दिया जायेगा। इस अवसर पर महिला किसानों को अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जायेगा।

कृषि मंत्री ने बताया कि इस संबंध में सभी कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं निदेशक, कृषि को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये गये हैं। अपर मुख्य सचिव कृषि की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन जिलों में कृषि विश्वविद्यालय होंगे, वहां कृषि विश्विद्यालय द्वारा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा और कृषि विभाग के अधिकारी सहयोग करेंगे। कृषि विश्वविद्यालय न होने की स्थिति में उप कृषि निदेशक द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा और संबंधित केवीके द्वारा सहयोग दिया जायेगा।