नई दिल्ली, 7 जुलाई 2021

कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण क्रिकेट पहले जैसा नहीं रहा है. इस वायरस की वजह से पिछले साल टी20 विश्व कप को रद्द करना पड़ा था. इसके अलावा भी कई सीरीज कोरोना के कारण टालनी पड़ी और अभी भी इस खेल पर वायरस का बुरा असर जारी है. ताजा मामला पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे(PAK vs ENG) से जुड़ा है. एक दिन पहले ही इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के 4 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. इससे इंग्लैड और पाकिस्तान के बीच होने वाली वनडे सीरीज के शेड्यूल पर तो फर्क नहीं पड़ा. लेकिन इस वजह से इंग्लैंड को इस सीरीज के लिए 18 सदस्यीय नई टीम का ऐलान करना पड़ गया. इससे क्रिकेट फैंस काफी मायूस हैं.

इंग्लैंड के खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं. क्योंकि खिलाड़ी पहले से ही बायो-बबल में थे. जहां उन्हें कड़े प्रोटोकॉल का पालन करना होता है. तमाम पाबंदियों के बावजूद वायरस बायो-बबल में प्रवेश कर गया और खिलाड़ी संक्रमित हो गए. भारतीय कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ये वायरस कहीं नहीं जाने वाला है. चाइनीज वायरस ने अब इंग्लैंड क्रिकेट टीम में घुसपैठ कर ली. अब बायो-बबल और कड़े हो जाएंगे. मुझे लगता है कि दूसरा कोई विकल्प भी नहीं है.

हर्षा भोगले ने इंग्लैंड के खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद ट्वीट किया था, जिस पर विवाद हो रहा है. 

हर्षा ने इस ट्वीट पर आलोचना के बाद एक और ट्वीट किया और कोरोना वायरस को ‘चीनी वायरस’ कहने पर स्पष्टीकरण भी दिया. पहले ट्वीट के बाद हर्षा ने लिखा कि मैंने दक्षिण अफ्रीकी वेरिएंट, ब्राजील वेरिएंट और इंडियन वेरिएंट का नाम इस्तेमाल होने पर ध्यान दिया. मुझे लगता है ये आदर्श है कि हम किसी चीज को उसके देश की उत्पत्ति के नाम से पुकारते है. हालांकि, तब तक देर हो चुकी थी. क्योंकि फैंस को हर्षा का ये ट्वीट पसंद नहीं आया और उन्होंने इस कमेंटेटर को ट्रोल कर दिया.

पहले ट्वीट पर विवाद मचने के बाद हर्षा भोगले ने दूसरा ट्वीट कर अपनी सफाई पेश की

वायरस की कोई राष्ट्रीयता नहीं होती
कई यूजर ने हर्षा भोगले के महामारी को देश के साथ जोड़ने वाले इस ट्वीट पर आपत्ति जताई. ज्यादातर लोगों ने लिखा कि जिस वायरस से इंग्लैंड के खिलाड़ी संक्रमित हैं. एक यूजर ने लिखा कि वायरस की कोई राष्ट्रीयता नहीं होती है. उन्हें वैज्ञानिकों द्वारा नाम दिया जा रहा है. इस वक्त ब्रिटेन में वायरस का जो स्ट्रेन फैल रहा है उसे पहले इंडियन वेरिएंट ही कहा जा रहा था. लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर डेल्टा रख दिया गया. इसलिए आपको भी खुद को दुरुस्त करना चाहिए.

ECB ने पाकिस्तान सीरीज के लिए नई टीम घोषित की
इस बीच, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने तीन खिलाड़ियों और चार सपोर्ट स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद आनन-फानन में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज (England vs Pakistan) के लिए 18 सदस्यीय नई टीम की घोषणा कर दी. बेन स्टोक्स को इस टीम का कप्तान बनाया गया है. पहले से घोषित टीम के किसी भी खिलाड़ी को जगह नहीं दी गई है. तीन मैचों की वनडे सीरीज 8 जुलाई से शुरू होनी है. पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए 18 सदस्यीय इंग्लिश टीम में 9 खिलाड़ी अनकैप्ड हैं. यानी किसी ने भी इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है.

पहला वनडे 8 जुलाई को
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले 8 जुलाई, 10 और 13 जुलाई को होने हैं. वहीं टी20 के मुकाबले 16 जुलाई, 18 और 20 जुलाई को खेले जाएंगे. पिछले दिनों श्रीलंका की टीम टी20 और वनडे सीरीज खेलकर लौटी है.

वनडे सीरीज के लिए इंग्लिश टीम : बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक बेल, डेनी ब्रिग्स, ब्राइडन कार्स, जैक क्रॉले, बेन डकेट, लुईस जॉर्ज, टॉम हेल्म, विल जैक्स, डैन लॉरेंस, डेविड मलान, साकिब महमूद, क्रेग ओवर्टन, मैट पार्किनसन, डेविड पेन, फिल सॉल्ट, जॉन सिम्पसन और जेम्स विंसी.