T20 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को BCCI का 131 करोड़ का इनाम, टैक्स कटने के बाद जानिए खिलाड़ियों को कितने मिलेंगे पैसे

T20 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को BCCI का 131 करोड़ का इनाम, टैक्स कटने के बाद जानिए खिलाड़ियों को कितने मिलेंगे पैसे

द फ्रंट डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इनामों की बारिश कर दी है। बोर्ड ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं के लिए कुल 131 करोड़ रुपये के नकद इनाम का ऐलान किया है। यह राशि 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद घोषित 125 करोड़ रुपये के इनाम से 6 करोड़ रुपये अधिक है। हालांकि, खिलाड़ियों और स्टाफ को यह पूरी राशि सीधे हाथ में नहीं मिलेगी, क्योंकि इस इनाम पर इनकम टैक्स और अन्य टैक्स कटौतियां लागू होंगी। टैक्स कटने के बाद खिलाड़ियों को मिलने वाली रकम काफी कम हो सकती है।

इनाम की राशि पर कैसे लगता है टैक्स?

चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित कुमार के मुताबिक, इनकम टैक्स एक्ट के तहत किसी भी तरह की प्राइज मनी या अवॉर्ड को ‘इनकम फ्रॉम अदर सोर्सेज’ माना जाता है। इस श्रेणी की आय पर 30% का फ्लैट टैक्स लगाया जाता है। इसके अलावा इस टैक्स पर सरचार्ज और 4% हेल्थ एवं एजुकेशन सेस भी लगाया जाता है। उच्च आय वाले मामलों में सरचार्ज की दर 10% से लेकर 37% तक हो सकती है। ऐसे में कुल मिलाकर TDS (टैक्स डिडक्शन एट सोर्स) की दर करीब 31.2% से 42.74% तक पहुंच सकती है। चूंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की आय आमतौर पर उच्च श्रेणी में आती है, इसलिए विशेषज्ञ मानते हैं कि इस मामले में औसतन करीब 40% तक टैक्स प्रभावी हो सकता है।

131 करोड़ में से कितने पैसे बचेंगे?

अगर अनुमानित टैक्स के आधार पर गणना की जाए तो तस्वीर कुछ इस तरह बनती है:

  • कुल इनामी राशि: ₹131 करोड़
  • 30% टैक्स (TDS): ₹39.3 करोड़
  • सरचार्ज (औसतन 15%): ₹5.895 करोड़
  • 4% सेस: करीब ₹1.83 करोड़

इस तरह कुल मिलाकर लगभग ₹47 करोड़ टैक्स के रूप में कट सकते हैं। टैक्स कटने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों और स्टाफ के पास लगभग ₹84 करोड़ की राशि बचेगी। हालांकि टैक्स स्लैब और अन्य प्रावधानों के आधार पर यह रकम ₹78 करोड़ से ₹90 करोड़ के बीच भी हो सकती है।

TDS क्या होता है?

CA अमित कुमार के अनुसार TDS (Tax Deduction at Source) का मतलब है कि जहां से भुगतान किया जाता है, वहीं से टैक्स काट लिया जाता है। यानी इनाम की राशि देते समय BCCI ही पहले टैक्स काटेगी और बाकी रकम खिलाड़ियों और स्टाफ को देगी। बाद में खिलाड़ी अपने इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में इस टैक्स का विवरण दिखा सकते हैं। अगर किसी को टैक्स में छूट या रिफंड का लाभ मिलता है तो वह प्रक्रिया के बाद वापस मिल सकता है।

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिली जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गई है। इस खिताबी जीत के साथ टीम इंडिया ने न सिर्फ टूर्नामेंट जीता, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।

इससे पहले किसी भी टीम ने इस फॉर्मेट में लगातार दो बार खिताब नहीं जीता था। टीम इंडिया की इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उसकी मजबूती और निरंतरता को साबित कर दिया। इतना ही नहीं, भारत अब तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गया है। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। अब 2026 की जीत के साथ भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए इस फॉर्मेट में अपनी बादशाहत और भी मजबूत कर ली है। यह ऐतिहासिक जीत दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में घरेलू दर्शकों के सामने हासिल हुई। लाखों भारतीय फैंस की मौजूदगी और उनके जोश के बीच टीम इंडिया ने यह शानदार जीत दर्ज की, जिससे यह पल भारतीय क्रिकेट के लिए और भी यादगार बन गया।

BCCI ने क्या कहा?

BCCI ने अपनी आधिकारिक रिलीज में कहा कि टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने जिस निरंतरता, आत्मविश्वास और जज्बे के साथ खेल दिखाया, वह भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। बोर्ड ने टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट की यह स्वर्णिम यात्रा आगे भी जारी रहेगी और आने वाले समय में टीम और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी।

Share post:

Popular

More like this
Related