
कोलकाता, 4 मार्च 2021
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। 294 विधानसभा सीटों के लिए पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होगा। मतदान 27 मार्च को शुरू होगा। इसके बाद 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे।
इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को बंगाली फिल्म से जुड़े कई लोगों ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। एक्टर और डायरेक्टर धीरज पंडित, एक्ट्रेस सुभद्रा मुखर्जी, गायिका अदिति मुंशी और बीजेपी नेता उषा चौधरी ने टीएमसी की सदस्यता ली।
अदिति मुंशी नॉर्थ 24 परगना के टीएमसी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष देबराज चक्रवर्ती की पत्नी हैं। आपको बता दें कि शुक्रवार को टीएमसी अपने उम्मीदवारों की लिरूट जारी कर सकती है। जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक टीएमसी एक साथ ही 294 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि ममता बनर्जी शुक्रवार को अपना लकी डे मानती है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने उम्मीदवारों की लिस्ट शुक्रवार को ही जारी की थी।







