देश में ईद की रौनक, सौहार्द का संदेश: राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने दी बधाई

देश में ईद की रौनक, सौहार्द का संदेश: राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने दी बधाई

देशभर में आज ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। चांद के दीदार के बाद सोमवार को ईद का जश्न शुरू हो गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस त्योहार को भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश देने वाला बताया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज्बे को मजबूत बनाए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने दी ईद की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “ईद-उल-फ़ितर की बधाई। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले, ईद मुबारक!” पीएम मोदी ने इस पर्व को आपसी भाईचारे को बढ़ाने वाला बताते हुए सभी को एकता और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्रियों ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को ईद की बधाई दी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, “ईद-उल-फितर के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। इस पर्व पर सभी को सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी देशवासियों को ईद की बधाई देते हुए कहा, “ईद के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों को तथा विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।”

देशभर में मना जश्न, मस्जिदों में उमड़ी भीड़
देशभर की मस्जिदों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली की जामा मस्जिद, लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह और मुंबई की हाजी अली दरगाह समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर ‘ईद मुबारक’ कहा और त्योहार की खुशियां साझा कीं।

ईद के मौके पर बाजारों में भी रौनक देखी गई। मीठी सेवइयों और तरह-तरह के पकवानों की खुशबू ने हर गली-मोहल्ले में त्योहार के उत्साह को और बढ़ा दिया। बच्चों और युवाओं में ईदी पाने की खुशी देखते ही बन रही थी। देश के कोने-कोने में लोग एक-दूसरे को ईद की बधाई देकर आपसी प्रेम और सौहार्द की मिसाल पेश कर रहे हैं।

Share post:

Popular

More like this
Related