एएमयू में होली खेलने की मिली अनुमति, लंबे विवाद के बाद प्रशासन ने दी इजाजत, कहा- “सभी का स्वागत है. रंग-गुलाल से खूब होली खेलें”

अलीगढ़: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) प्रशासन ने कैंपस में होली खेलने की अनुमति दे दी है। अब 13 और 14 मार्च को एएमयू का NRSC हॉल होली खेलने के लिए खुला रहेगा। इससे पहले प्रशासन ने यह कहकर अनुमति देने से इनकार कर दिया था कि किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी।

एएमयू में कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र अखिल कौशल ने सबसे पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर कैंपस में होली खेलने की इजाजत मांगी थी। इस मुद्दे पर विवाद तब गहराया जब हिंदू संगठनों ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया और दावा किया कि अन्य धार्मिक त्योहारों को मनाने की अनुमति दी जाती है, लेकिन होली पर रोक लगाई जा रही है।

करणी सेना और बीजेपी नेताओं ने उठाया मुद्दा
करणी सेना ने 10 मार्च को एएमयू में होली मनाने की घोषणा कर दी थी। वहीं, अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम ने कहा था कि ‘‘कोई भी किसी को एएमयू परिसर में होली मनाने से नहीं रोक सकता।’’ उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘जो होली खेलने से रोकेगा, उसे उत्तर प्रदेश पहुंचा देंगे।’’

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
अलीगढ़ के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विवेक बंसल ने भाजपा पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा एएमयू में अपने दोस्तों के साथ होली मनाते थे और मुझे कभी किसी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला।’’ उन्होंने भाजपा पर शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी बेवजह भड़काने की राजनीति कर रही है।

करणी सेना ने प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन
इससे पहले, करणी सेना के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने अपने समर्थकों के साथ जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए एएमयू प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की अपील की।

विवाद के बाद मिली इजाजत
लगातार दबाव और विवाद के चलते एएमयू प्रशासन को आखिरकार 13 और 14 मार्च को होली खेलने की अनुमति देनी पड़ी। अब यह देखना होगा कि इस फैसले से कैंपस का माहौल कैसा रहता है और आगे कोई नया विवाद तो नहीं खड़ा होता।

Share post:

Popular

More like this
Related