मुबंई, बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता अहूजा के रिश्ते में दरार की खबरें इन दिनों सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर यह चर्चा जोरों पर है कि यह कपल तलाक की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, अब तक गोविंदा या सुनीता की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सुनीता के कुछ पुराने वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्होंने रिश्ते को लेकर कुछ ऐसे संकेत दिए थे, जिन्हें अब तलाक की खबरों से जोड़ा जा रहा है।
सुनीता के पुराने बयान से बढ़ी चर्चा
एक महीने पहले दिए गए एक इंटरव्यू में सुनीता ने कहा था, “आप लाइफ से निकल जाओगे, पर वो आइटम जिंदगी से निकलेगी नहीं।” इस बयान को अब गोविंदा के कथित अफेयर से जोड़कर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा का नाम एक मराठी एक्ट्रेस के साथ जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी शादीशुदा जिंदगी में तनाव बढ़ गया है।
शादी के 37 साल बाद दरार?
गोविंदा और सुनीता ने 1987 में शादी की थी। दोनों की लव स्टोरी दिलचस्प रही, लेकिन अब 37 साल बाद इस रिश्ते में तनाव की खबरें फैंस को हैरान कर रही हैं। सुनीता ने अपने बयान में यह भी कहा था कि वह आज भी गोविंदा को दोस्त की तरह ट्रीट करती हैं, लेकिन पति-पत्नी का एहसास कभी नहीं हुआ।
अब इस पूरे मामले पर गोविंदा और सुनीता की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। क्या वाकई इस पावर कपल का रिश्ता टूटने वाला है, या फिर यह सिर्फ अफवाह है? इसका खुलासा जल्द ही हो सकता है।




