असम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय असम दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को गुवाहाटी में एडवांटेज असम 2.0 समिट का उद्घाटन किया। यह समिट इंफ्रास्ट्रक्चर और इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की गई है। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत 60 से अधिक देशों के राजनयिक और मिशन हेड शामिल हुए।
पूर्वोत्तर भारत का विकास देश की प्रगति के लिए अहम – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वी भारत और नॉर्थईस्ट देश के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “Advantage Assam पूरी दुनिया को असम की संभावनाओं और प्रगति से जोड़ने का एक महाअभियान है। इतिहास गवाह है कि पहले भी भारत की समृद्धि में ईस्टर्न इंडिया का बड़ा रोल था। आज जब भारत विकसित होने की ओर बढ़ रहा है, तो नॉर्थईस्ट अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार है।”
लोकल सप्लाई चेन और वैश्विक कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधानमंत्री ने भारत की लोकल सप्लाई चेन को मजबूत करने की दिशा में सरकार के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न देशों और क्षेत्रों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है। “ईस्ट एशिया के साथ हमारी कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है और India-Middle East-Europe Economic Corridor नई संभावनाएं लेकर आ रहा है,” उन्होंने कहा।
यूपीए सरकार पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने पिछली यूपीए सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने बताया कि 2009 से 2014 के बीच असम को रेलवे बजट के लिए औसतन 2,100 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि उनकी सरकार ने इसे चार गुना बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये कर दिया है।
असम के लोगों के स्वागत से अभिभूत हुए पीएम मोदी
असम दौरे पर जोरदार स्वागत से पीएम मोदी भावुक हो गए। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “गुवाहाटी और असम वासियों का यह स्नेह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं इस आशीर्वाद को अपने कंधों पर जिम्मेदारी के रूप में लेकर असम की प्रगति के लिए और भी मेहनत करूंगा।”
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एडवांटेज असम 2.0 समिट में 50,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। यह निवेश एयरपोर्ट्स, एयरोसिटी, सिटी गैस और सड़क परियोजनाओं पर केंद्रित होगा, जिससे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विजन 2003 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट से शुरू हुआ था, जिसने पूरे देश के राज्यों को प्रेरित किया। अब वही विजन असम और नॉर्थईस्ट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तैयार है।




