संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान समिति के सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत ने संविधान अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया है।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन विधेयक का जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन विधेयक की दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं की शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों पर विशेष ध्यान दे रही है।
GDP वृद्धि दर 6.3 से 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान
सरकार द्वारा संसद में पेश की जाने वाली आर्थिक समीक्षा 2024-25 में अगले वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत की GDP वृद्धि दर 6.3 से 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, 2024-25 में GDP वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले चार वर्षों में सबसे कम स्तर पर होगी।
आर्थिक समीक्षा और बजट पर रहेगी नजर
मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन की टीम द्वारा तैयार आर्थिक समीक्षा शुक्रवार को संसद में पेश की जाएगी। यह समीक्षा चालू वित्त वर्ष के आर्थिक प्रदर्शन का व्यापक विवरण देगी और अगले वित्त वर्ष के संभावित आर्थिक परिदृश्य पर भी प्रकाश डालेगी।




