Kapil Sibal Biography: कपिल सिब्बल का नाम देश और कांग्रेस के बड़े नेताओं में लिया जाता है। वह मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। हाल ही में कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के कारण चर्चा में हैं। समाजवादी पार्टी से समर्थन से राज्यसभा के लिए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कपिल सिब्बल ने खुलासा किया कि वह कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि 16 मई 2022 को ही कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया था। आइए जानते हैं उनके बारे में-
8 अगस्त 1948 पंजाब के जालंधर में एक हिंदू परिवार में कपिल सिब्बल का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम हीरा लाल सिब्बल है और माता का नाम रानी सिब्बल है। सिब्बल के पिता देश के जाने-माने वकील रह चुके हैं। साल 2006 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
स्कूली शिक्षा के प्राप्त करने के बाद कपिल सिब्बल ने दिल्ली स्थित विश्वविद्यालय संबंधित सेंट स्टीफन कॉलेज से LLB में स्नातक किया। 1970 के दशक में उन्होंने ने कानून की डिग्री हासिल कर ली और साल 1972 में बार एसोसिएशन से जुड़ गए। इसी के बाद कपिल सिब्बल ने साल 1973 में कपिल ने यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की, लेकिन उन्होंने आईएएस की नौकरी से इनकार करते हुए अपनी कानूनी कोशिशें जारी रखीं। इसके बाद कपिल कानूनी करियर में बेहद सफल व्यक्ति हुए।
चूंकि कपिल का जन्म एक वरिष्ठ वकील के घर हुआ था। उनके पिता एक मशहूर वकील थे। इस नजरिए से उनकी पढ़ाई लिखाई भी वकील की तरह ही हुईं थीं। नौकरी को मना करने के बाद कपिल ने LLM की पढ़ाई करने हॉवर्ड चले गए और साल 1977 में हॉवर्ड यूनिवर्सिटी कैम्ब्रिज मैसाचुसेट्स से वह कानूनी डिग्री हासिल कर वापस भारत लौटे।
कपिल सिब्बल की नेटवर्थ
कपिल सिब्बल वैसे तो नाम मात्र के एक वकील है, परंतु उनकी नेटवर्थ किसी उद्योगपति से कम नहीं है। राज्यसभा में अपनी नामांकन के समय दाखिल किए एफिडेविट में साल 2016 में सिब्बल की कुल संपत्ति लगभग 212 करोड़ रुपये से भी अधिक की है। संपत्ति की बात करें तो फाइनेंशियल ईयर 2014-2015 के अनुसार चल संपत्ति में 38.77 करोड़ रुपये, वहीं नकद राशि 3.10 लाख रुपये और बैंक में जमा राशि 11.29 करोड़ रुपये, जबकि आभूषण की कीमत 35.70 लाख रुपये और 136.13 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं 27.5 करोड़ रुपये की कृषि भूमि, 4 करोड़ रुपये की गैर-कृषि भूमि, 2.78 करोड़ रुपये की कमर्शियल इमारतें और 12.03 करोड़ रुपये की आवासीय इमारतें और 53 करोड़ रुपये की अन्य जमीनें हैं।
कपिल सिब्बल को है गाड़ियों का शौक
कपिल सिब्बल को गाड़ियों का भी काफी शौक है। राज्यसभा में अपनी नामांकन के समय दाखिल किए एफिडेविट में साल 2016 में सिब्बल के पास 6 कार और दो बाइक शामिल है। जिसमें मर्सिडीज जीएलसी (2015 मॉडल), टोयोटा कोरोला (2003 मॉडल), हुंडई सोनाटा (2001 मॉडल), सुजुकी जीप (1995 मॉडल), टोयोटा कैमरी (2016 मॉडल), मारुति डिजायर (2012 मॉडल) और बाइक संग्रह में रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड (1996 मॉडल), हीरो स्प्लेंडर (2016 मॉडल) है।
कपिल सिब्बल का करियर
साल 1989 और 1990 के बीच भारत के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल के पर रहते हुए कपिल सिब्बल को असली पहचान तब मिली जब सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस वी रामास्वामी के ऊपर महाभियोग का मामला संसद में चल रहा था। इस दौरान कपिल उनके बचाव में कोर्ट पहुंच गए थे, इस मामले में कपिल ने जिस तरह से जस्टिस वी रामास्वामी का बचाव किया था। उससे उन्हें पूरे देश में एक खासी पहचान मिली। इसके अलावा कपिल सिब्बल तीन बार वर्ष 1995-96, 1997-98 और 2001-2002 सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे।
कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) का राजनीतिक करियर
तत्कालीन प्रधानमंत्री पी नरसिम्हा राव की नजर कपिल सिब्बल पर जस्टिस वी रामास्वामी के केस के दौरान पड़ी थी। सिब्बल के बोलने के तौर तरीके और कोर्ट में दलील रखने की अद्भुत कला से नरसिम्हाराव काफी प्रभावित हुए थें। साल 1996 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट ऑफर करते हुए नरसिम्हा राव ने ही कपिल सिब्बल को राजनीति में आने का न्योता दिया था। हालांकि भाजपा की उम्मीदवार सुषमा स्वराज ने उनको चुनाव में हराकर उनके सांसद बनने के सपने को तोड़ दिया।
| राजनीतिक पद | कार्यकाल |
| सांसद, राज्यसभा | 5 जुलाई 2016-पदस्थ |
| कानून मंत्री, भारत सरकार | 11 मई 2013 – 26 मई 2014 |
| सूचना एवं संचार तकनीकी मंत्री | 19 जनवरी 2011 – 26 मई 2014 |
| मानव संसाधन विकास मंत्री, भारत सरकार | 29 मई 2009 – 29 अक्टूबर 2012 |
| विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री | 23 मई 2004 – 22 मई 2009 |
| पृथ्वी विज्ञान मंत्री | 29 जनवरी 2006 – 22 मई 2009 |
| सांसद, लोक सभा | 10 मई 2004 – 16 मई 2014 |
कपिल सिब्बल ने दो बार राचाई थी शादी
कपिल सिब्बल ने पहली बार साल 13 अप्रैल 1973 को नीना सिब्बल से विवाह किया। लेकिन साल 2000 में पहली पत्नी का निधन हो गया। जिसके बाद सिब्बल ने दूसरी बार साल 2005 में सामाजिक कार्यकर्ता प्रोमिला से शादी की। बता दें कि पहली पत्नी नीना सिब्बल से कपिल के दो बेटे अमित और अखिल हैं।




