नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(Chief Minister Arvind Kejriwal) पर टिप्पणी करने के इल्जाम में भाजपा नेता तजिंदर बग्गा(BJP leader Tajinder Bagga) की गिरफ्तारी से राजनीतिक बवाल मच गया है। बग्गा ने विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स (Vivek Agnihotri film ‘The Kashmir Files) को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी थी। इसके बाद पंजाब पुलिस की साइबर सेल की टीम ने दिल्ली स्थित आवास से उन्हें गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। बता दें कि बग्गा को पंजाब पुलिस ने जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। बता दें कि आप के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया ने मोहाली साइबर क्राइम सेल में बग्गा पर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया था। यह केस IPC की धारा 153A, 505, 505(2) और 506 के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में tweets किए। इस बीच बीजेपी नेता चारू प्रज्ञा ने दावा किया है कि बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया है। अब वहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं,कहा जा रहा है दिल्ली पुलिस ने बग्गा को ले जाने वाले पंजाब पुलिस के कर्मचारियों पर किडनैपिंग का केस दर्ज किया है।
12 गाड़ियां लेकर अरेस्ट करने पहुंची पंजाब पुलिस
बग्गा के करीबियों ने बताया कि करीब 12 गाड़ियों में 50 पुलिसकर्मी उनके दिल्ली स्थित घर पर पहुंचे थे। पहले पुलिसवाले बातचीत करने की बात कहकर अंदर आए। कुछ देर उन्होंने बग्गा से बातचीत भी की, तभी बाहर से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी घर में घुस गए। वे उन्हें जबर्दस्ती अपने साथ ले गए। बग्गा का मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया, ताकि वे किसी से संपर्क नहीं कर सकें। बग्गा के पिता प्रितपाल सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस उसे खींचकर अपने साथ ले गई। जब उन्होंने इसका वीडियो बनाना चाहा, तो पकड़कर एक कमरे में ले गए और मुंह पर मुक्का दे मारा। इसके बाद वे तजिंदर की जानकारी लेने जनकपुरी थाने पहुंचे।
आप विधायक नरेश बाल्यान ने किए कमेंट्स
बग्गा की गिरफ्तारी के बाद AAP के विधायक नरेश बाल्यान(Naresh Balyan) ने एक के बाद एक कई twwet किए। उन्होंने लिखा-मेरे द्वारा भाजपा को लुच्चे-लफ़ंगों की पार्टी कहने से मीडिया वाले भी सहमत है! वो भी समझते है की भाजपा लुच्चे-लफ़ंगो की पार्टी है।
कल सूरत में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लात से कूच-कूच क़र मारने वाले भाजपाई आज तजिंदर बग्गा के गिरफ़्तार होन पर लोकतंत्र का रोना रो रहे हैं। बग्गा ने तीन बार के चुने हुए मुख्यमंत्री को “जीने नही देंगे की धमकी” दिया था। इसकी तो पूरी जांच हो की कोई कनेक्शनों आतंकी से तो नहीं।
मनोज तुम्हें फिर “गमछा” बिछाने भेजेंगे।
साल 2015 में AAP की प्रचंड जीत के बाद मोदी जी ने 51 AAP विधायकों पर केस करवाया, और गिरफ़्तार करवाया। बाद में सब बेदाग़ निकले और बरी हुए। आज भाजपा के एक लुच्चे बग्गा ने मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने जांच के लिए गिरफ़्तार किया, तो लोकतंत्र का रोना रोने लगे।
कांग्रेस-भाजपा ने जताया विरोध
इस मामले को लेकर कांग्रेस भी आप के खिलाफ है। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने एजेंडे के लिए पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा-दिल्ली पुलिस को बिना किसी पूर्व सूचना दिए पंजाब पुलिस तजिंदर बग्गा को घर से अवैध तरह से गिरफ़्तार कर ले गई। पंजाब पुलिस ने उनके पिता के साथ मारपीट की और उनके पिता ने इसके ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज़ की है। हमारे पास तजिंदर बग्गा की कोई जानकारी नहीं है।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे इन हरकतों से न डराया जा सकता है। पंजाब पुलिस का इस्तेमाल केजरीवाल की पर्सनल नाराजगी और खुन्नस निपटाने के लिए किया जा रहा है। यह जनादेश का अपमान है।




