AAP Punjab Election: पंजाब विधानसभा चुनाव के रुझानों और नतीजों में आम आदमी पार्टी करीब 90 सीटों पर जीत हासिल करती दिख रही है. इसे लेकर अब पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि, पंजाब के लोगों ने इंकलाब करके दिखा दिया है. पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया. केजरीवाल ने कहा कि, पंजाब के लोगों ने ये कर दिखाया कि पंजाब के कई बड़े नेता चुनाव हार गए.
आम आदमी पार्टी ने बदला सिस्टम – केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि, पंजाब के अंदर कुर्सियां हिल गई हैं. सुखबीर सिंह बादल हार गए, कैप्टन साहब हार गए, चन्नी साहब हार गए, प्रकाश सिंह बादल हार गए, नवजोत सिंह सिद्धू हार गए, विक्रम सिंह मजीठिया हार गए. ये बहुत बड़ा इंकलाब है. भगत सिंह ने कहा था कि, अगर आजादी मिलने के बाद अगर हमने सिस्टम नहीं बदला तो कुछ नहीं होने वाला. दुख की बात ये है कि इन पार्टियों ने देश में वही अंग्रेजों वाला सिस्टम रखा. वही सिस्टम चल रहा था, आम आदमी पार्टी ने पिछले 7 साल के अंदर ये सिस्टम बदला है. हमने ईमानदार राजनीति की शुरुआत की है, अब स्कूल बन रहे हैं, गरीब के बच्चे को शिक्षा मिल रही है.
जनता ने साबित कर दिया कौन है असली आतंकवादी – केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, हम ऐसा भारत बनाएंगे जहां नफरत की कोई जगह नहीं होगी. जहां कोई भूखा नहीं सोएगा, जहां अमीरों और गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी. मुझे बड़ा दुख होता है कि आजादी के 75 साल बाद भी हमारे बच्चों को मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन जैसे देशों में जाना पड़ता है. हम ऐसा भारत बनाएंगे जहां भारत के बच्चों को यूक्रेन नहीं जाना पड़ेगा, पूरे देश के बच्चे यहां पढ़ने आएंगे.
मोबाइल रिपेयर की दुकान में काम करने वाले ने चन्नी को हराया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, एक आम आदमी को लगता है कि मैं क्या कर सकता हूं. लेकिन क्या आपको पदा है कि भदौर से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाला कौन था? हमारे उस उम्मीदवार का नाम लाभ सिंह उगोके… ये मोबाइल रिपेयर करने वाली एक दुकान में नौकरी करते हैं. उनकी माता जी एक सरकारी स्कूल के अंदर सफाई कर्मचारी का काम करती हैं. ऐसे व्यक्ति ने आज चरणजीत चन्नी को चुनाव में हराया है.




