नई दिल्ली, यूपी में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर हुए हमले को लेकर सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि हमले वाले दिन ओवैसी के कार्यक्रम की पहले से कोई सूचना नहीं थी। उन्हें बुलेटप्रुफ गाड़ी और जेड सिक्योरिटी दी गई, लेकिन उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया।
अमित शाह ने राज्यसभा में बयान जारी करते हुए कहा कि वो ओवैसी से विनती करते हैं कि वो ये सुरक्षा जरूर लें। शाह ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि दो अज्ञात लोगों ने काफिले पर फायरिंग की थी। ओवैसी सुरक्षित बाहर आ गए लेकिन उसके वाहन के निचले हिस्से पर गोली के 3 निशान थे। इस घटना को तीन गवाहों ने देखा था। प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आगे उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी का हापुड़ जिले में कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था, उनके प्रोग्राम की कोई सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को पहले नहीं भेजी गई थी।




