UP Election: छिजारसी टोल गेट पर असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे AIMIM प्रमुख

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) पर हमले की खबर है। असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया है कि छिजारसी टोल गेट पर उन पर हमला हुआ है और उनके काफिले पर फायरिंग की गई है। उन्होंने कहा कि गाड़ी पंक्चर हो गई लेकिन वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

असदुद्दीन ओवैसी ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, “कुछ देर पहले छिजारसी टोल गेट पर मेरी गाड़ी पर गोलियां चलाई गयी। 4 राउंड फायर हुए। 3-4 लोग थे, सब के सब भाग गए और हथियार वहीं छोड़ गए। मेरी गाड़ी पंक्चर हो गयी, लेकिन मैं दूसरी गाड़ी में बैठ कर वहां से निकल गया। हम सब महफ़ूज़ हैं।अलहमदु’लिलाह।”

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी ने बताया, “मैं किठौर, मेरठ (यूपी) में एक चुनावी कार्यक्रम के बाद दिल्ली के लिए जा रहा था। तभी छिजारसी टोल प्लाजा के पास 2 लोगों ने मेरी गाड़ी पर 3-4 राउंड गोलियां चलाईं, वे कुल 3-4 लोग थे। मेरी गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए। मैं दूसरी गाड़ी से वहां से निकला।” ओवैसी ने कहा कि वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। ओवैसी ने कहा कि हम मोदी सरकार और राज्य सरकार दोनों को कह रहे हैं कि ये इनकी ज़िम्मेदारी है कि इस मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए। ये कैसे हो सकता है कि एक सांसद पर 4 राउंड फायरिंग की जाती है।

एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया: असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर गोली चलने की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस के कई अधिकारी पहुंच गए। इस मामले में एसपी हापुड़ दीपक भुकर ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर हमले के बाद पुलिस ने मौके पर तुरंत पहुंचकर मामले में संदिग्ध एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हथियार भी बरामद किया गया है। उसका एक साथी भाग गया है, उसकी तलाश की जा रही है।

बता दें कि हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के साथ मिल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ रही है। पार्टी प्रमुख इन दिनों इलाके में चुनावी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे ही एक कार्यक्रम को संबोधित कर वे दिल्ली लौट रहे थे, तभी उनके काफिले पर हमला हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related