UP Election 2022: कानपुर में चुनाव से पहले सपा-प्रसपा गठबंधन को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री

UP Election 2022: कानपुर में चुनाव से पहले सपा-प्रसपा गठबंधन को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री

कानपुर,  यूपी विधानसभा चुनाव में कानपुर से अखिलेश यादव के सपा-प्रसपा गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। सपा सरकार में मंत्री रहे शिव कुमार बेरिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने सोमवार को लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई के समक्ष सदस्यता ली है। कानपुर के रसूलाबाद और बिल्हौर क्षेत्र में अच्छी पैठ रखने वाले शिवकुमार बेरिया के समर्थक सक्रिय हो गए हैं। वह कानपुर क्षेत्र की तीन सीटों से लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं और सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। हालांकि बीच में वह सपा छोड़कर शिवपाल सिंह के साथ प्रसपा में शामिल हो गए थे। लेकिन, सपा से प्रसपा के गठबंधन होने पर उनके सामने अस्तित्व बरकरार रखना चुनौती बन गया था।

समाजवादी पार्टी की सरकार में शिवकुमार बेरिया कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और शिवपाल यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। वर्ष 2017 के चुनाव के बाद शिवपाल ने सपा से नाता तोड़कर अपनी अलग पार्टी बनाई थी तो शिवकुमार बेरिया भी उनके साथ प्रसपा में शामिल हो गए थे। लखनऊ में सदस्यता ग्रहण करते हुए शिवकुमार बेरिया ने भाजपा की जमकर तारीफ की और सपा में उपेक्षा का दर्द बयां किया। कानपुर देहात की रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद वह सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे। इससे पहले वह बिल्हौर सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं। लोहिया जी के समय से राजनीति की शुरुआत करने वाले शिवकुमार बेरिया ने मुलायम सिंह का खूब साथ निभाया और शिवपाल के लिए दाहिना हाथ बनकर काम किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related