फिरोजपुर। विधानसभा क्षेत्र फिरोजपुर देहात से निवर्तमान महिला विधायक सतकार कौर की टिकट काटे जाने के बाद उनके पति का फूट-फूट कर रोने का वीडियो वायरल हो रहा है। पति जसमेल सिंह लाडी मीडिया के सामने पत्नी की टिकट काटे जाने पर फूट-फूटकर रोने लगे। लाडी ने कहा कि पार्टी को टिकट काटने से पहले उनके बच्चो के बारे में सोचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पार्टी के खातिर ही उन्होंने राजनीतिक रंजिश में जेल काटी और परिवार पर कई संताप भी झेले। अब पार्टी हाईकमान ने दूसरी पार्टी से व्यक्ति को उठाकर उन पर थोपा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जसमेल ने कहा कि वह खूब मेहनत करके यहां तक पहुंचे हैं, लेकिन हाईकमान ने बिना किसी कारण उनकी टिकट काट दी है।
इससे पहले जसमेल सिंह लाडी ने विभिन्न गांवों के सरपंचों, पंचों सहित ब्लाक समिति व जिला परिषद के सदस्यों के साथ घर में मीटिंग की थी। इस दौरान वह टिकट कटने का दर्द सहन न कर पाए और भावुक होकर खूब रोए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस व्यक्ति को टिकट दी है, वह उसका समर्थन नहीं करेंगे।




