रेसलर बबीता फोगाट बोलीं, पहले हत्या तक की नहीं दर्ज होती थी रिपोर्ट, अब नियम तोड़ने पर हो जाता केस दर्ज

रेसलर बबीता फोगाट बोलीं, पहले हत्या तक की नहीं दर्ज होती थी रिपोर्ट, अब नियम तोड़ने पर हो जाता केस दर्ज

गाजियाबाद। रेसलर एवं भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य बबीता फोगाट ने बागपत में उनके व भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने पर खुशी जताई है। बबीता ने कहा कि यही तो भाजपा का सुशासन है। पहले हत्या तक की रिपोर्ट दर्ज नहीं होती थी और भाजपा की सरकार में नियम तोड़ने पर भाजपाइयों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हो रही है। बबीता फोगाट गाजियाबाद में भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंची थीं।

उन्होंने लोनी में जनसंवाद किया और आरडीसी व मोदीनगर में बैठक की। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को बागपत में उन्होंने बैठक की थी और इसकी अनुमति भी ली गई थी। बावजूद इसके यदि आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है तो पुलिस इसकी छानबीन करेगी।

सभी को मेरी राम-राम

इससे पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की शुरुआत बबीता फोगाट अपने हरियाणवी अंदाज में की। वह बोलीं, सभी को मेरी राम-राम। उन्होंने कहा कि अब दिन ही कितने बचे हैं। इनमें भी एक-दो दिन छुट्टी का निकल जाएगा, लेकिन हमें ये दिन निकालने नहीं हैं।

हम इकट्ठी छुट्टी ले लेंगे, लेकिन चुनाव तक हम रुकेंगे नहीं। अपना बूथ संभालना है, बस इसी लक्ष्य को पूरा करना है। बूथ पर जीत होगी, तभी चुनाव जीतेंगे। नेता आते-जाते रहेंगे, लेकिन आप अपने बूथ को संभालो। कोई महत्वपूर्ण बैठक हो तभी बूथ को छोड़ो। ध्यान रखें कि आपको अपना बूथ जीतना है। भाजयुमो की क्षेत्रीय मंत्री काजल त्यागी ने भी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर न बैठें। हर रोज क्षेत्र में निकलें और लोगों से संपर्क करें।

प्रियंका गांधी पर साधा निशाना

ओलिंपिक में पदक जीतने वाले देश भर के खिलाड़ियों के सम्मान के लिए बबीता फोगाट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का धन्यवाद किया। मेरठ में बनने वाली मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का हवाला देते हुए कहा कि इससे पहले किसी भी सरकार ने खिलाड़ियों को इतना प्रोत्साहन नहीं दिया। कांग्रेस के 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने को लेकर बबीता बोलीं, इससे क्या होगा।

राजस्थान में आए दिन महिला व बेटियों के साथ दुष्कर्म व हत्या जैसी वारदात हो रही हैं, उन पर प्रियंका गांधी कभी नहीं बोलीं। राजस्थान की पीड़िताएं महिला नहीं हैं क्या। महिला सशक्तिकरण का काम भाजपा ने किया है। तीन तलाक रोकने के लिए कानून भाजपा की सरकार ने बनाया। पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी भाजपा की सरकार ने दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related