
देहरादून, 9 नवंबर 2021
उत्तराखंड के स्थापना दिवस-09 नवंबर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के दिग्गजों का उत्तराखंड के प्रति लगाव फिर झलका। उन्होंने इस मौके पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाइयां देते हुए विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। मंगलवार को उत्तराखंड दिवस राज्यभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
इस मौके पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी ट्वीट कर अपने-अपने बधाई संदेश जारी किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश ने जो प्रगति की है, उससे मुझे विश्वास है कि यह पूरा दशक उत्तराखंड का ही होने वाला है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी उत्तराखंड स्थापना दिवस के मौके कई अहम घोषणाओं की झड़ी भी लगाई है।
उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के निवासियों को हार्दिक बधाई। अपनी सरल जीवन शैली, ईमानदारी और विनम्रता के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड के लोगों ने अपने परिश्रम से राज्य को एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है। इस शुभ अवसर पर राज्य के सभी निवासियों के उज्जवल व समृद्ध भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
उत्तराखंड में विकास के जो काम हुआ है, वह इस बात का प्रमाण है कि अब पहाड़ का पानी और जवानी, दोनों यहां के काम आ रहे हैं। मेरी कामना है कि प्रकृति की गोद में बसा यह राज्य यूं ही विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
नैसर्गिक सौंदर्य, पराक्रम, धर्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पवित्र संगम स्थली देवभूमि उत्तराखंड स्थापना दिवस की राज्य के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। उत्तराखंड ऐसे ही निरंतर विकास व जनकल्याण के नए कीर्तिमान गढ़ता रहे, मैं राज्य की खुशहाशी व समृद्धि की कामना करता हूं।
अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्री
अध्यात्म एवं संस्कृति की पावन धरा देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। सीएम पुष्कर धामी के नेतृत्व में राज्य विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। ईश्वर से सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना करता हूं।
जगत प्रकाश नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा
उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर देवभूमि एवं वीरभूमि के सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास और संस्कृति की रक्षा के लिए कृत संकल्पित है।
अनिल बलूनी
राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख, भाजपा
इस पावन अवसर पर आइए हम सब प्रण लें कि हम देवभूमि उत्तराखंड को राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप बनाने के लिए अपना संपूर्ण योगदान दें। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपने प्राणों की आहूति देने वाले सभी शहीद आंदोलनकारियों को मेरा कोटि-कोटि नमन।
अजय भट्ट केंद्रीय राज्यमंत्री
जय उत्तराखंड, हमरी देवभूमि उत्तराखंड का 22 वां राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश के सबि छुट्टा-बड़ा, दाना सैंणा, भे-बैण्यूं तैं भौत-भौत बधै। मैं उत्तराखंड राज्य निर्माण के अमर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों तैं बारंबर नमन कर दूं।
त्रिवेंद्र रावत पूर्व, मुख्यमंत्री







