
अंडर 25 क्रिकेट में दून जिले की दो टीमों की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। दून जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंडर 25 के लिए बिंदाल एसजीआरआर स्थित दून स्ट्राइकर खुड़बुडा में दो दिन के ट्रायल के बाद खिलाड़ियों को सूचीबद्धकर दिया गया है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने पहली बार अपनी टीम की तैयारी के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया। इसमें बीसीसीआई के लेवल वन कोच व ट्रेनर ने खिलाड़ियों के साथ शिविर में कुछ समय बिताया। बीसीसीआई कोच गजेन्द्र रावत, बीसीसीआई कोच प्रसन्नजीत बोस व पावस भंडारी की निगरानी में ट्रेनर पिनाकी सेन, दिग्गर नेगी ने दो दिन ट्रायल व तीन दिन शिविर को दिए। पहली बार खिलाड़ियों को यो यो टेस्ट से भी गुजरना पड़ा। डीसीए के क्रिकेट ऑपरेशन सुमित डोभाल ने बताया कि, अंडर 25 टीमों के गढ़वाल जोन के मैच 25 सितम्बर से होंगे। गढ़वाल जोन के सभी 28 मैच दून में ही विभिन्न क्रिकेट ग्राउंड में होंगे। इसी तरह कुमाऊं जोन की अंडर 25 की टीमें 28 मैच खेलेंगी। दून जिले में करीब 300 खिलाड़ियों ने इस टीम के लिए ट्रायल दिए थे। जिसमें दो टीमों में 15-15 खिलाड़ियों को चुना जाएगा। पांच-पांच खिलाड़ी स्टैंडबाई में रखे जाएंगे। अंडर 25 की राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 16 टीमें चुनी जाएंगी। जिसमें हरेक टीम को अधिकतम सात मैच खेलने को मिलेंगे। अंतिम तौर पर क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के चयनकर्ता राज्य की टीम इन्हीं मैचों में प्रदर्शन के आधार पर चुनेंगे। लिहाजा खिलाड़ियों को आपसी कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड की अंडर 25 की यह टीम सीके नायडू अंडर 25 क्रिकेट प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। अभी तक अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत आदि जिले अपनी टीमें घोषित कर चुके हैं। दून की तरह ही नैनीताल जिले की भी दो टीमें बनाई गई है।







