नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की रफ्तार में दिनोंदिन बढ़ोतरी होती जा रही है। बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 15 हजार 097 तक पहुंच गए। संक्रमण से 24 घंटे के दौरान 6 मौतें भी दर्ज की गई। एक्टिव केस बढ़कर 31 हजार 498 तक पहुंच गए और पाजिटिविटी रेट में भी इजाफा दर्ज किया गया। पाजिटिविटी रेट 15.34 पर पहुंच गया है।
इससे पहले बुधवार को कोरोना के मामलों की संख्या 10 हजार 665 रिकार्ड की गई थी। कोरोना से 8 लोगों की मृत्यु भी रिकार्ड की गई थी। बुधवार को एक्टिव केसों की संख्या 23 हजार 307 पर रिकार्ड की गई थी और पाजिटिविटी रेट 11.88 प्रतिशत था। अब इसमें भी इजाफा दर्ज किया गया है।
कोरोना का संक्रमण हर दिन एक नए रिकार्ड स्तर पर पहुंच रहा है। इस वजह से एक बार फिर दूसरी लहर की तरह मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। चिंताजनक यह है कि अब तो मौत के मामले भी बढ़ने लगे हैं। स्थिति यह है कि संक्रमण दर 8.37 प्रतिशत से बढ़कर 11.88 प्रतिशत हो गई है। इस वजह से दिल्ली में करीब आठ माह बाद कोरोना के मामले 10 हजार के आंकड़े को पार कर गया। बुधवार को दिल्ली में कोरोना के 10,665 नए मामले सामने आए थे, बृहस्पतिवार को इसमें भी बढ़ोतरी हो गई।
इससे पहले पिछले साल 13 मई को 10,489 मामले आए थे। इससे सक्रिय मरीजों की संख्या 23 हजार से अधिक हो गई थी। वहीं पिछले 24 घंटे में 2239 मरीज कोरोना से ठीक हुए। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो दिन में ही कोरोना से 11 मरीजों की मौत हो चुकी है व इस माह अब तक पांच दिनों में 14 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले करीब छह माह (185 दिन) में 24 घंटे में मौत के सर्वाधिक मामले हैं।




