नई दिल्ली। बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ किसान आज दिल्ली के जंतर-मंतर में महापंचायत करने वाले हैं। इसके लिए बड़ी संख्या में किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं। एसकेएम (Samyukt Kisan Morcha) और अन्य किसान संगठनों ने इस महापंचायत का आयोजन किया है।
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सीमाओं की सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली में धारा 144 लगा दिया गया है। राजधानी में प्रवेश के तीनों स्थलों (गाजीपुर, सिंघू और टिकरी) में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने सड़कों पर बैरिकेड्स लगाए हैं।
विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे किसान नेता राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने रविवार को गाजीपुर सीमा से हिरासत में ले लिया था। इसके बाद टिकैत ने ट्वीट किया, “सरकार के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती। यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी। यह संघर्ष अंतिम सांस तक जारी रहेगा। ना रुकेंगे, ना थकेंगे, ना झुकेंगे।”
जंतर-मंतर पर पुलिस ने की बैरिकेडिंग
दिल्ली पुलिस ने किसानों के विरोध प्रदर्शन को इजाजत नहीं दी है। जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग की गई है। यहां सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंचे हैं। यहां पुलिस ने दो लेयर की बैरिकेडिंग की है। इसके साथ ही वाटर कैनन भी लगाया गया है। विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं।




