गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करेगी। दिल्ली और फिर पंजाब विधानसभा में जीत से उत्साहित केजरीवाल गुजरात में भी इस बार खाता खोलने की तैयारी कर रहे हैं। गुजरात से उम्मीद पाले केजरीवाल आज सीएम कैंडिडेट का ऐलान करने वाले हैं।
पार्टी सूत्रों की मानें तो पत्रकार से नेता बने इसुदान गढ़वी को या फिर पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान देने वाले गोपाल इटालिया को पार्टी सीएम पद का चेहरा घोषित कर सकती है। इन दोनों के नाम फिलहाल सबसे आगे चल रहे हैं। इटालिया गुजरात में पाटीदार समुदाय से आते हैं। पाटीदारों के लिए आरक्षण आंदोलन में उन्होंने प्रमुखता से हिस्सा लिया था। वहीं, गढ़वी राजनीति में आने से पहले पत्रकारिता के क्षेत्र में थे।
आप गुजरात में बीते चार-पांच महीने से सक्रिय है। बीते जून से केजरीवाल ने वहां चुनाव अभियान शुरू कर दिया था। इसके अलावा, दिल्ली और पंजाब की तरह मुफ्त वादों की झड़ी भी लगाने लगे थे। ये फॉर्मूला दिल्ली और पंजाब में सफल रहा, जिसके बाद केजरीवाल इसे गुजरात में भी लागू करना चाहते हैं।
दो चरणों में होगी वोटिंग, 8 दिसंबर को आएगा रिजल्ट
गुजरात विधानसभा चुनाव में इस बार पहले चरण की वोटिंग प्रॉसेस के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी होगा। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 14 नवंबर अंतिम तारीख होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए नामाकंन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 17 नवंबर होगी। स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 15 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 18 नवंबर की तारीख तय है। नाम वापसी की अंतिम तारीख पहले चरण के लिए 17 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 21 नवंबर निर्धारित की गई है। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर (Gujrat Vidhansabha Chunav kitni tarikih ko hai) को होगी। वहीं, मतगणना दोनों चरणों की 8 दिसंबर को होगी और संभवत: उसी दिन देर रात तक अंतिम परिणाम जारी हो जाएंगे।




