Yogi Adityanath Shapath Grahan Live: योगी आदित्यनाथ आज दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह शाम चार बजे लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके साथ इस दौरान 45 से 50 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिनमें पांच से सात महिलाएं भी हो सकती हैं।
जहां तक डिप्टी सीएम की बात की जाए, तो बीजेपी सूबे में पुराने फॉर्म्यूले के तहत दो चेहरों को मौका दे सकती है। इसमें एक नाम सिराथू से चुनाव हारे केशव प्रसाद मौर्य का है। हालांकि, दूसरे डिप्टी सीएम पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।
सूत्रों के हवाले से कुछ टीवी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया दिनेश शर्मा को इस बार ड्रॉप किया जा सकता है। उनकी जगह कोई ब्राह्मण चेहरा ले सकता है। इस बीच, यह भी कहा जा रहा है कि योगी 2.0 में 22 पुराने चेहरों को किनारे लगाया जा सकता है, जबकि 25 मंत्री वही रहेंगे जो पहले थे।
सूत्रों के मुताबिक, इस कैबिनेट में नए मंत्रियों को मौका मिल सकता है। महाराज जी के जो महारथी हो सकते हैं, उनमें अपर्णा यादव, असीम अरुण, दयाशंकर सिंह और राजेश्वर सिंह के नाम भी हैं। वहीं, लखनऊ स्थित सीएम हाउस में नेताओं के आने का सिलसिला चालू हो गया है।




