वक्फ संशोधन बिल 2025: संसद में गरमाई बहस, रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरा, कांग्रेस को ‘लाल किताब’ की जवाब में दिखाई ‘हरी किताब’

वक्फ संशोधन बिल 2025: संसद में गरमाई बहस, रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरा, कांग्रेस को ‘लाल किताब’ की जवाब में दिखाई ‘हरी किताब’

नई दिल्ली/पटना: वक्फ संशोधन बिल 2025 बुधवार को लोकसभा में पेश किया गया, जिसके बाद सदन में तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इस बिल का विरोध किया, तो वहीं भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने इसका पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष इस बिल को लेकर भ्रमित है और उनके तर्क स्पष्ट नहीं हैं।

संविधान की ‘हरी किताब’ बनाम ‘लाल किताब’

रविशंकर प्रसाद ने बहस की शुरुआत में कहा कि जब भी कोई संवैधानिक मुद्दा उठता है, तो कांग्रेस संविधान की ‘लाल किताब’ दिखाती है। इसके जवाब में वे खुद ‘हरी किताब’ लेकर आए, जो संसद में रखी हुई है। उन्होंने संविधान की धारा 15 और 25 का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को महिलाओं और पिछड़े मुसलमानों के विकास के लिए कानून बनाने का अधिकार है।

धारा 15 के तहत महिलाओं को अधिकार

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि संविधान की धारा 15 स्पष्ट रूप से कहती है कि महिलाओं के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। यदि सरकार महिलाओं के विकास के लिए वक्फ कानून में संशोधन कर रही है, तो यह संविधान के खिलाफ कैसे हो सकता है? उन्होंने यह भी कहा कि इसी धारा में पिछड़े वर्गों के उत्थान का भी प्रावधान है।

धारा 25 भी वक्फ कानून में संशोधन का समर्थन करता है

रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पसमांदा मुसलमान हैं, जिन्हें वक्फ के प्रबंधन में अवसर नहीं मिलते। यदि संशोधन के जरिए उन्हें इसमें भागीदारी दी जा रही है, तो इसका विरोध क्यों हो रहा है? उन्होंने संविधान की धारा 25(2) का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग हो रहा है, तो सरकार को उन्हें रेगुलेट करने का अधिकार है।

शाह बानो केस का जिक्र और कांग्रेस पर तंज

रविशंकर प्रसाद ने राजीव गांधी सरकार द्वारा शाह बानो केस में लिए गए फैसले की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि तीन तलाक का मुद्दा भी वर्षों तक टलता रहा और विपक्ष ने इसमें राजनीति करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 हटाते समय भी विपक्ष ने डर का माहौल बनाया, लेकिन आज कश्मीर में विकास हो रहा है और वहां तिरंगा शान से लहरा रहा है।

वोट बैंक की राजनीति और मुस्लिम आदर्शों पर टिप्पणी

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को अपने आदर्श तय करने होंगे। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के असली आदर्श मौलाना अबुल कलाम आजाद, एपीजे अब्दुल कलाम, अश्फाक उल्लाह खान, रसखान, कबीर और मलिक मोहम्मद जायसी होने चाहिए। उन्होंने भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब ये खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते हैं, तो पूरा देश उनके साथ खड़ा होता है।

चुनावी संदर्भ और भाजपा की बढ़ती ताकत

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शाह बानो केस के फैसले के बाद से आज तक बहुमत नहीं मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह बिहार में भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति अब खत्म होनी चाहिए और देश के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Share post:

Popular

More like this
Related