पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का जंगीपुर मंगलवार शाम अचानक हिंसा की आग में जल उठा जब वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप धारण कर लिया। विरोध के दौरान एक अफवाह के चलते भीड़ बेकाबू हो गई और हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। देखते ही देखते सड़कें जाम हो गईं, पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया और क्षेत्र में तनाव फैल गया।
बिल के खिलाफ था विरोध, अफवाह ने बदला माहौल
जंगीपुर के मैदान में वक्फ संशोधन बिल के विरोध में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इस बिल को वापस लेने की मांग करते हुए प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन तभी प्रदर्शन के दौरान एक युवक के गिरने की घटना ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते यह अफवाह फैल गई कि युवक की मौत पुलिस की लाठीचार्ज में हुई है। इसी अफवाह ने भीड़ को भड़का दिया और मामला हिंसा में तब्दील हो गया।
पुलिस बल की कमी बनी मुश्किल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामनवमी के चलते जिले के अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जंगीपुर में अपेक्षाकृत कम पुलिस बल तैनात था। जब प्रदर्शनकारी उग्र हुए और सड़क पर उतरकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने लगे, तो मौजूद पुलिसकर्मियों को हालात संभालने में मुश्किल हुई। अफवाह फैलने के बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया।
इंटरनेट सेवा बंद, धारा 163 लागू
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन को कई कदम उठाने पड़े। रघुनाथगंज और सूती इलाकों सहित मुर्शिदाबाद के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इसके साथ ही बीएनएसए की धारा 163 लागू की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना को फैलने से रोका जा सके। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर प्रदर्शनकारियों को हटाया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू
इस घटना को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए ममता बनर्जी सरकार को कानून-व्यवस्था विफल होने का जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “बंगाल लहूलुहान हो रहा है। पुलिस की गाड़ियों को जलाना और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शर्मनाक है। ममता सरकार राज्य को अराजकता की ओर ले जा रही है।”
अधिकारियों की नजर हालात पर
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस अफवाह फैलाने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस और प्रशासन के प्रयास से हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।




