
देहरादून, 9 अगस्त 2021
उत्तराखंड में विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों को इस बार स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं से जुड़े सवालों के जबाव मिल पाएंगे। यह विभाग मंत्रियों को आवंटित होने से अब सदन में सोमवार की बाधा दूर हो गई है। विधानसभा सत्र के दौरान प्रश्नकाल के लिए मंत्रियों के वार आवंटित होते हैं और उनके विभागों से जुड़े सवाल तय दिवस पर ही पूछे जाते हैं। राज्य में मौजूदा विधानसभा के दौरान चार सालों तक स्वास्थ्य, बिजली, सड़क जैसे अहम विभाग मुख्यमंत्री के पास ही रहे।
मुख्यमंत्री के विभागों का दिवस सोमवार को तय होता है। ऐसे में उनसे जुड़े सवाल उसी दिन पूछे जा सकते हैं। लेकिन मौजूदा विधानसभा के दौरान अधिकांश सत्र सोमवार को आयोजित ही नहीं हुए। यदि सत्र सोमवार को आयोजित भी हुआ तो उस दिन मुख्यमंत्री सदन में कम ही पहंचे।
ऐसे में विधायकों के सवालों पर सदन में ज्यादा चर्चा नहीं हुई या उन्हें लिखित जबाव ही भेज दिए गए। लेकिन इस बार मंत्रालय अलग अलग मंत्रियों के पास होने से सोमवार की बाधा दूर हो गई है। यदि मुख्यमंत्री सदन में नहीं भी रहे तो अलग अलग दिनों पर मंत्रियों को स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी समस्याओं से जुड़े सवालों के जबाव देने होंगे।
अभी तक मिल गए 600 से अधिक सवाल
विधानसभा का मानसून सत्र 23 अगस्त से शुरू होना है। इसके लिए विधायकों की ओर से लगातार प्रश्न भेजे जा रहे हैं। विधानसभा के सूत्रों ने बताया कि अभी तक 600 से अधिक सवाल पूछे जा चुके हैं। बड़ी संख्या में सवालों के जबाव सरकार से मांगे जा रहे हैं। मानसून सत्र का आयोजन 27 अगस्त तक होना है ऐसे में सोमवार से लेकर शुक्रवार तक सदन चलना है।







