देहरादून, 1 अक्टूबर 2021

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के सामरिक महत्व को देखते हुए बीआरओ राज्य में लगभग 1000 किमी लंबी सड़कों के निर्माण पर काम कर रहा है। इन सड़कों के बन जाने से जहां सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से देश को लाभ होगा, वहीं आर्थिक दृष्टि से प्रदेश की जनता को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है।

शुक्रवार को राजनाथ सिंह ने पीठसैँण(पौड़ी) में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद दीनदयाल उपाध्याय योजना और ‘घस्यारी कल्याण योजना’ के लाभार्थियों को चेक व किट वितरित किए। कहा कि भारतीय सीमा के आखिरी गांव माणा तक सड़क की ब्लेक टॉपिंग का काम चल रहा है जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।

उत्तराखंड की धरती को भारत ही नहीं पूरी दुनिया में देवभूमि के नाम से जानी जाती है। मगर यह देवभूमि के साथ -साथ वीरभूमि व तपोभूमि भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन हुए बीस वर्ष ही हुए हैं परंतु यहां का इतिहास और परम्पराएं सदियों पुरानी हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, माधो सिंह भंडारी और तीलू रौतेली की बहादुरी के गीत गढ़वाल के गांव-गांव में गाए जाते हैं।

मोदी के नेतृत्व में भारत बना विकास का पुजारी

राजनाथ ने कहा कि आज  लिपुलेख के रास्ते मानसरोवर यात्रा पर जाना सुगम हो गया है। यह रास्ता आर्थिक और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यह रास्ता भारत और नेपाल को और करीब लाने में सहायक होगा। नेपाल हमारे लिए केवल एक मित्र देश नहीं है बल्कि उसके साथ हमारा परिवार जैसा संबंध है। भारत शांति का पुजारी तो हमेशा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब भारत को विकास का पुजारी भी बना दिया है।