Uttarakhand Politics: उत्‍तराखंड विस चुनाव में ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल भाजपा में शामिल

देहरादून : विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की उपस्थिति में कर्नल कोठियाल के साथ आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, पूर्व प्रवक्ता नवीन पिरसाली समेत विभिन्न सीटों से चुनाव लड़े नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दावा किया गया कि 700 कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए हैं।

कर्नल अजय कोठियाल और उनकी टीम ने हाल में आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ दी थी। इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और फिर मुख्यमंत्री धामी व प्रदेश अध्यक्ष कौशिक से हुई मुलाकातों से इन चर्चाओं ने जोर पकड़ा, जो मंगलवार को सही साबित हुईं। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कर्नल कोठियाल व उनकी पूरी टीम के भाजपा में आने से उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का वजूद खत्म हो गया है।

उत्तराखंड से शुरू हुई यह पहल देशभर में चलेगी। कर्नल कोठियाल ने कहा कि कई बार भावना में बहकर लिए गए निर्णय सही भी होते हैं और गलत भी। मध्य में जाकर लगे कि निर्णय गलत है तो उसे सुधारना भी समझदारी है। पूर्व में उन्हें आम आदमी पार्टी का तरीका पसंद आया, लेकिन भीतर जाकर देखा तो लगा कि ये राज्यहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब वह अपनी सोच के अनुरूप सही जगह आए हैं।

धाम के पुनर्निर्माण में कर्नल कोठियाल की महत्वपूर्ण भूमिका

जून 2013 में केदारनाथ में आई आपदा के बाद धाम के पुनर्निर्माण में कर्नल कोठियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेवानिवृत्ति के बाद वह युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने में जुट गए। वहीं उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव से पहले कर्नल कोठियाल ने आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की।

विस चुनावों में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का थे चेहरा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नल कोठियाल को उत्‍तराखंड में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। आम आदमी पार्टी ने 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन वह एक सीट भी नहीं जीत पाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related